झारखंड

झारखंड विधानसभा का बजट सत्र आज से, 24 फरवरी को वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर पेश करेंगे बजट

रांची: झारखंड विधानसभा का बजट सत्र बुधवार, 18 फरवरी से विधिवत शुरू हो रहा है। सत्र की शुरुआत राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार के अभिभाषण से होगी। इसके साथ ही राज्य के वित्तीय और विकासात्मक एजेंडे पर चर्चा का सिलसिला शुरू हो जाएगा।
जानकारी के अनुसार, 19 फरवरी को राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव लाया जाएगा। वहीं 20 फरवरी को वित्तीय वर्ष 2025-26 की तृतीय अनुपूरक व्यय विवरणी सदन के पटल पर रखी जाएगी, जिस पर 23 फरवरी को चर्चा प्रस्तावित है। इसके बाद 24 फरवरी को वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर वित्तीय वर्ष 2026-27 का आम बजट पेश करेंगे। बजट पर सामान्य चर्चा 25 फरवरी को होगी।

इस बजट सत्र में कुल 17 कार्य दिवस निर्धारित किए गए हैं। सत्र का समापन 19 मार्च को गैर-सरकारी संकल्प के साथ किया जाएगा। सरकार इस दौरान अपनी प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं को उपलब्धि के रूप में प्रस्तुत करेगी। इनमें अबुआ आवास योजना, मंइयां सम्मान योजना और सर्वजन पेंशन योजना प्रमुख हैं। इसके अलावा ग्रामीण विकास, सामाजिक सुरक्षा और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में नई घोषणाओं की भी संभावना जताई जा रही है।

बजट सत्र से पहले मंगलवार को विधानसभा अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेताओं से सत्र के सुचारू संचालन में सहयोग की अपील की गई। साथ ही जनहित से जुड़े मुद्दों पर गंभीर, सार्थक और सकारात्मक चर्चा सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। सभी दलों ने लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप सदन की कार्यवाही चलाने पर सहमति जताई।

इस बीच 23 फरवरी को प्रस्तावित निकाय चुनावों को देखते हुए सदन की कार्यवाही में आंशिक बदलाव किया गया है। उस दिन की कार्यवाही अब 21 फरवरी को संपन्न कराई जाएगी।

ख़बर को शेयर करें।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।