{"remix_data":[],"remix_entry_point":"challenges","source_tags":["local"],"origin":"unknown","total_draw_time":0,"total_draw_actions":0,"layers_used":0,"brushes_used":0,"photos_added":0,"total_editor_actions":{},"tools_used":{"remove":1},"is_sticker":false,"edited_since_last_sticker_save":true,"containsFTESticker":false}
जमशेदपुर:
त्योहारी सीजन में रोशनी, ताल और थिरकते कदमों के बीच अब परंपरा और पहनावे का ‘पैमाना’ तय करने की कवायद शुरू हो गई है। शहर में चल रहे डांडिया नाइट कार्यक्रमों के आधुनिक स्वरूप पर सवाल खड़े करते हुए एक स्थानीय संगठन ने इसे भारतीय संस्कृति के लिए खतरा बता दिया है। भक्ति और उल्लास के इस पर्व पर अब यह बहस छिड़ गई है कि उत्सव में लोग क्या पहनेंगे और किस धुन पर थिरकेंगे, इसका फैसला कौन करेगा।
परंपरा की आड़ में निगरानी की मांग?
भगवा क्लब नामक संगठन ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त (DC) के दफ्तर पहुंचकर एक ज्ञापन सौंपा है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि डांडिया और गरबा नाइट्स की आड़ में कथित तौर पर “अश्लीलता” परोसी जा रही है। क्लब का दावा है कि आयोजनों में बजने वाले गीत, नृत्य की शैलियां और प्रतिभागियों की वेशभूषा सामाजिक मर्यादा के अनुकूल नहीं हैं।
दिलचस्प बात यह है कि क्लब ने यह साफ करने की कोशिश की कि वे उत्सव के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन साथ ही उन्होंने प्रशासन से अपील कर दी कि कार्यक्रम स्थलों पर कड़ी निगरानी रखी जाए और आयोजकों के लिए कड़े नियम-कायदे तय किए जाएं।
आयोजनों पर लटकी सख्ती की तलवार
ज्ञापन के जरिए मांग की गई है कि प्रशासन इन आयोजनों की अनुमतियों (Permissions) की दोबारा पड़ताल करे, वेन्यू पर सुरक्षा के नाम पर प्रशासनिक नजर रखी जाए और अगर कोई प्रस्तुति “आपत्तिजनक” लगे, तो सीधे कानूनी कार्रवाई की जाए।
त्योहार के इस उल्लासपूर्ण माहौल में इस मांग को लेकर अब शहर में दो फाड़ नजर आ रहे हैं। एक तरफ जहां कुछ लोग इसे ‘सांस्कृतिक संरक्षण’ का नाम दे रहे हैं, वहीं युवा वर्ग और आयोजकों के बीच यह चर्चा तेज है कि क्या उत्सव की निजी आजादी और आधुनिक अंदाज पर पहरा बैठाया जा रहा है।
इस ज्ञापन सौंपने वालों में संगठन से जुड़े हर्ष यादव, विवेक सिंह, आदित्य वर्मा, आयुष उपाध्याय और रोशन साह प्रमुख रूप से मौजूद रहे। अब सबकी निगाहें जिला प्रशासन पर हैं कि वह उत्सव की रौनक बनाए रखने और इस तरह की पाबंदियों की मांगों के बीच संतुलन कैसे साधता है।





