
धनबाद: रिश्वतखोरी के एक मामले की जांच के सिलसिले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने धनबाद में बड़ी कार्रवाई की है। रांची से पहुंची सीबीआई की टीम ने गुरुवार देर शाम पुराना बाजार क्षेत्र के गांधी नगर स्थित CISF अधिकारी सुजीत कुमार के आवास पर तलाशी अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान घर के अंदर मौजूद दस्तावेजों और अन्य सामानों की जांच की गई। सूत्रों के मुताबिक, तलाशी में करीब 10 लाख रुपये नकद और लगभग 30 लाख रुपये मूल्य के आभूषण मिलने की बात सामने आई है। हालांकि, इन बरामदगियों की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल जांच एजेंसी की ओर से नहीं की गई है।
नोटों की गिनती के लिए मंगाई गई मशीन
छापेमारी के दौरान नकदी की मात्रा अधिक होने की वजह से नोट गिनने के लिए मशीन मंगाए जाने की भी जानकारी है। सीबीआई की टीम बरामद नकदी, आभूषण और अन्य दस्तावेजों का सत्यापन कर रही है।
48 हजार रुपये की रिश्वत से जुड़ा है मामला
बताया जा रहा है कि पूरी कार्रवाई CISF में कथित रिश्वतखोरी के एक मामले से जुड़ी है। इससे पहले सीबीआई की रांची टीम ने CISF के सीनियर अकाउंट ऑफिसर संतोष कुमार महतो, असिस्टेंट अकाउंट ऑफिसर सुनील कुमार और असिस्टेंट अकाउंट ऑफिसर सुजीत कुमार को कथित तौर पर 48 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था।
बिल पास कराने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप
जांच के अनुसार, प्रयागराज स्थित CISF की NTPC यूनिट में तैनात हेड कांस्टेबल रविकांत त्रिपाठी की शिकायत के बाद यह मामला सीबीआई तक पहुंचा। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि बिल रिलीज करने के बदले अधिकारियों द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी।
इसी शिकायत और गिरफ्तारी के बाद जांच का दायरा बढ़ाते हुए सीबीआई टीम धनबाद पहुंची और सुजीत कुमार के आवास की तलाशी ली।
फिलहाल सीबीआई की कार्रवाई जारी है। जांच एजेंसी द्वारा बरामद नकदी, आभूषण और दस्तावेजों का मिलान किया जा रहा है। आधिकारिक जांच पूरी होने के बाद ही बरामद संपत्ति और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की स्पष्ट तस्वीर सामने आने की उम्मीद है।





