
रांची: झारखंड की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों के बीच राज्य की मंत्री और कांग्रेस नेता दीपिका पांडेय सिंह ने बुधवार को मीडिया से बातचीत में महागठबंधन सरकार की मजबूती पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता ने महागठबंधन को स्पष्ट, सशक्त और एकतरफा जनादेश दिया है, और इस जनादेश को कमजोर करने की कोशिशें कभी सफल नहीं होंगी।
दीपिका पांडेय ने कहा कि बीते कुछ दिनों में तरह-तरह की अफवाहें फैलाकर राजनीतिक माहौल को भ्रमित करने की कोशिश की जा रही है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा लगातार गठबंधन को अस्थिर करने के प्रयास कर रही है, लेकिन उसकी हर रणनीति नाकाम होगी।
मंत्री ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर पूर्ण विश्वास व्यक्त करते हुए कहा, “हमारे मुख्यमंत्री ने कभी किसी दबाव या साज़िश के आगे घुटने नहीं टेके। वे इस राज्य की भावना और लोगों के अधिकारों के सम्मान में जेल जाने तक से नहीं हिचके। जो व्यक्ति इतना साहसी और प्रतिबद्ध हो, वह भाजपा के किसी भी दबाव के आगे झुकने वाले नहीं है।”
दीपिका पांडेय सिंह ने दावा किया कि राज्य की सरकार पूरी मजबूती और स्थिरता के साथ कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा, “यह ‘अबुआ सरकार’ झारखंड की आवाज़ है, झारखंड की ताकत है। महागठबंधन की सरकार पहले की तरह मजबूत रहेगी और आगे भी जनता के हित में कार्य करती रहेगी।”




