
पलामू : मेदिनीनगर में बाइपास रोड स्थित जेएमपी कॉम्प्लेक्स में रविवार देर रात एक सुरक्षा गार्ड की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 50 वर्षीय विनोद पांडे के रूप में की गई है. वह नावाबाजार थाना क्षेत्र के राजहरा गांव का रहने वाला था. जानकारी के मुताबिक, रात करीब 11 बजे एक युवक स्कूटर से कॉम्प्लेक्स पहुंचा। कुछ देर बाद उसने अपने दो अन्य दोस्तों को भी बुला लिया। तीनों आरोपी काफी देर तक गार्डों के साथ परिसर में घूमते रहे। फिर गेट के पास पहुंचकर बेहद करीब से उसके सिर में गोली मार दी. गोली लगते ही विनोद पांडे की मौके पर ही मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों हमलावर फरार हो गए. 15 जुलाई के बर्थडे पार्टी विवाद को लेकर पुलिस की कड़ी जांच में इस हत्या के तार 15 जुलाई को इसी कॉम्प्लेक्स में हुई एक बर्थडे पार्टी से जुड़ते नजर आ रहे हैं. उस दिन डांसर्स बुलाने और देर रात तक तेज म्यूजिक बजाने को लेकर कॉम्प्लेक्स के कर्मचारियों और पार्टी में शामिल लोगों के बीच जमकर हंगामा और मारपीट हुई थी. इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी. बताया जा रहा है कि मैनेजर सोनू सिंह और पार्टी में शामिल लोगों के बीच हुए विवाद में विनोद पांडे भी मौजूद थे. पुलिस को शक है कि आपसी रंजिश के चलते इस हत्या को अंजाम दिया गया है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। घटना की जानकारी रात करीब ढाई बजे कॉम्प्लेक्स मालिक जटेश्वर महतो को मिली, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है, जिसमें तीन संदिग्ध युवक नजर आए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच भेज दिया गया है. एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. वहीं, इस मामले में आज कोर्ट में सुनवाई होनी है. शुरुआती जांच में यह भी पता चला है कि पार्टी में शामिल कुछ लोगों का बैकग्राउंड और राजनीतिक कनेक्शन हाई-प्रोफाइल हो सकता है।



