
जमशेदपुर: लौहनगरी में एक बार फिर किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में जुटे बदमाशों के मंसूबों पर पुलिस ने पानी फेर दिया है। कदमा थाना क्षेत्र अंतर्गत रामजनम नगर में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध युवकों को अवैध हथियार और जिंदा कारतूस के साथ धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों में से एक का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है।
सिटी एसपी ने किया मामले का खुलासा
बुधवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिटी एसपी ललित मीणा ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि पुलिस को 27 अक्टूबर की रात पुख्ता इनपुट मिला था कि काली मंदिर रोड (रामजनम नगर) स्थित एक ठिकाने पर समीर नाग अपने एक अन्य साथी के साथ अवैध हथियार के साथ मौजूद है और किसी वारदात की फिराक में है। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों के निर्देश पर कदमा थाना प्रभारी दिलीप कुमार यादव के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
कमरे की घेराबंदी कर दबोचे गए आरोपी
पुलिस टीम ने जब बताए गए ठिकाने पर अचानक दबिश दी, तो वहां कमरे में दो युवक संदिग्ध हालत में बैठे मिले। पुलिस बल को देखते ही दोनों ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद जवानों ने घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा।
तलाशी के दौरान कमरे से एक लोडेड देसी कट्टा बरामद किया गया। इसके अलावा एक आरोपी की जेब से एक अतिरिक्त जिंदा गोली और दूसरे के पास से स्मार्टफोन जब्त किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पकड़े गए आरोपियों की शिनाख्त कदमा निवासी समीर नाग उर्फ आदित्य नाग (उम्र करीब 20 वर्ष, निवासी रामजनम नगर, काली मंदिर रोड) और शुभम कुहार (उम्र करीब 19 वर्ष, निवासी भाटिया बस्ती) के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार समीर नाग पहले भी आपराधिक मामलों में संलिप्त रह चुका है।
हथियार का नेटवर्क और टारगेट खंगालने में जुटी पुलिस
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। अब पुलिस इस बिंदु पर गहन जांच कर रही है कि यह लोडेड हथियार कहां से लाया गया था और दोनों युवक कदमा क्षेत्र में किस बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के जरिए इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।



