---Advertisement---

दरिंदगी की हद पार: आरी से बुजुर्ग महिला के पैर काटकर चांदी के कड़े लूटे, आरोपी दंपति गिरफ्तार

On: October 10, 2025 7:03 PM
---Advertisement---

जयपुर: राजस्थान के सवाईमाधोपुर जिले के गंगापुर सिटी से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। रात के करीब ढाई बजे 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ ऐसी बर्बर लूट की वारदात हुई, जिसे सुनकर पुलिस भी दंग रह गई।

जानकारी के मुताबिक, खेडा बाढ़ रामगढ़ निवासी राम अवतार और उसकी पत्नी तनु उर्फ सोनिया ने महिला को मजदूरी दिलाने का झांसा दिया और उसे सुनसान इलाके में ले गए। वहां पत्नी तनु ने पीड़िता का मुंह दबाया, जबकि राम अवतार ने पाइप काटने वाली आरी से महिला के दोनों पैर काट दिए और चांदी के कड़े लूटकर फरार हो गए।

घटना के कुछ घंटे बाद सुबह आठ बजे के करीब, राहगीरों को झाड़ियों के पास से कराहने की आवाजें सुनाई दीं। जब उन्होंने पास जाकर देखा तो महिला खून से लथपथ पड़ी थी। उसका शरीर कांप रहा था और दोनों पैर कटे हुए थे। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई।

सूचना पर पहुंची गंगापुर सदर पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। महिला को गंभीर हालत में एसएमएस अस्पताल जयपुर ले जाया गया, लेकिन देर हो जाने के कारण डॉक्टर उसके पैर नहीं जोड़ पाए।

एसपी अनिल कुमार बेनीवाल ने बताया कि आरोपी राम अवतार आदतन अपराधी है और सिर्फ एक महीने पहले ही जेल से रिहा हुआ था। उसने पत्नी तनु के साथ मिलकर पीड़िता कमला (60), निवासी सीतौड़ की ढाणी, बामनवास को मजदूरी का झांसा देकर बुलाया और फिर लूट की वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने सिर्फ पांच घंटे में दंपति को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार किया है। पुलिस ने बेचे गए चांदी के कड़ों की राशि भी बरामद कर ली है और अब उस सुनार की भूमिका की जांच की जा रही है, जिसने ये कड़े खरीदे थे।

घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश और दहशत का माहौल है। वहीं पीड़िता की बहू सीता ने बताया कि जब आरोपी उसकी सास को लेकर देर तक नहीं लौटा, तो उन्होंने खोजबीन शुरू की। लेकिन कोई पता नहीं चला, जिसके बाद उन्होंने थाने में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई।

इस दर्दनाक वारदात ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि जेल से छूटे आदतन अपराधियों पर निगरानी व्यवस्था कितनी कमजोर है, और क्या ऐसे दरिंदों के लिए कड़ी सजा ही अब एकमात्र रास्ता है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now