नई दिल्ली: केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने पाकिस्तानी महिला (मिनल खान) से शादी की बात ‘छिपाने’ वाले अपने जवान मुनीर अहमद को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। सीआरपीएफ ने अहमद के कृत्य को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए हानिकारक पाया। अहमद सेवा से बर्खास्त किये जाने से पहले सीआरपीएफ की 41वीं बटालियन में पदस्थ थे। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि अहमद को उन नियमों के तहत ‘सेवा से बर्खास्त’ किया गया है जिनके तहत जांच करने की आवश्यकता नहीं है।
जांच में सामने आया कि CRPF जवान मुनीर खान ने पाकिस्तानी नागरिक मिनल खान से शादी की थी। दोनों की शादी वर्ष 2024 में ऑनलाइन माध्यम से हुई थी। पहलगाम आतंकी हमले के बाद जब सरकार ने सभी पाकिस्तानी नागरिकों को देश छोड़ने का निर्देश दिया, तो मिनल खान को भी भारत छोड़ना पड़ा। पाकिस्तान जाने से पहले मिनल ने मीडिया से बातचीत करते हुए इस पूरी स्थिति की जानकारी साझा की। अब इस मामले में कड़ा कदम उठाते हुए CRPF ने जवान मुनीर खान को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। CRPF की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि CRPF की 41वीं बटालियन में तैनात कांस्टेबल (CT/GD) मुनीर अहमद को एक पाकिस्तानी नागरिक से अपनी शादी की जानकारी छिपाने और उस महिला को वीजा की वैधता समाप्त होने के बावजूद भारत में शरण देने के कारण तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त किया गया है। उनके कार्यों को सेवा आचरण के उल्लंघन और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए हानिकारक पाया गया है।