---Advertisement---

दरभंगा: 6 साल की बच्ची से रेप और हत्या के बाद भारी बवाल, आक्रोशित भीड़ ने की आगजनी; पुलिस पर पथराव; जवाब में लाठीचार्ज

On: February 8, 2026 11:06 PM
---Advertisement---

दरभंगा: बिहार के दरभंगा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 6 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस जघन्य वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के बेला गांव की बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात से बच्ची लापता थी। परिजन और ग्रामीण पूरी रात उसकी तलाश करते रहे। इसी दौरान गांव से थोड़ी दूरी पर एक सुनसान स्थान पर कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनाई दी। जब लोग वहां पहुंचे तो सड़क किनारे बच्ची का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। यह दृश्य देख हर कोई सन्न रह गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। शुरुआती जांच में दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई गई है।

ऐसे दिया गया वारदात को अंजाम

पुलिस के अनुसार, मृत बच्ची शाम के वक्त अपनी सहेलियों के साथ पटवा पोखर के पास खेल रही थी। इसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा और बच्चियों को पकड़ने की कोशिश करने लगा। डर के मारे अन्य बच्चियां वहां से भाग निकलीं, लेकिन मासूम उसके चंगुल में फंस गई। बाद में साथ खेल रही बच्चियों ने इसकी जानकारी बच्ची के परिजनों को दी, जिसके बाद खोजबीन शुरू की गई।

CCTV और बच्चियों की पहचान से आरोपी तक पहुंची पुलिस
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही बच्ची के साथ खेलने वाली अन्य बच्चियों से पूछताछ की गई। उन्होंने एक युवक की पहचान की, जिसके आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विकास महतो को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।

गुस्साए लोगों का सड़क जाम, पुलिस पर पथराव

इस घटना से आक्रोशित लोगों ने रविवार सुबह सड़क जाम कर जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जो बाद में पथराव में बदल गई। इस दौरान कई पुलिसकर्मी घायल होने की सूचना है। हालात बेकाबू होते देख पुलिस को लाठीचार्ज भी करना पड़ा।

SSP मौके पर पहुंचे, जांच जारी


घटना की गंभीरता को देखते हुए दरभंगा एसएसपी जगरनाथ रेड्डी कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। दोषी को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और हालात पर नजर रखी जा रही है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now