गढ़वा: जिले में चल रहे ‘सेवा का अधिकार सप्ताह’ के तहत गुरुवार को रमना प्रखंड के सिलिदाग पंचायत में आयोजित विशेष शिविर का शुभारंभ उपायुक्त दिनेश यादव ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रखंड स्तरीय अधिकारियों, पंचायत पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व लाभुक उपस्थित रहे।

उपायुक्त ने कहा- सरकार आपके द्वार, समाधान आपके पास
शिविर को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा संचालित ‘आपकी योजना–आपकी सरकार–आपके द्वार’ कार्यक्रम का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी पात्र लाभुक को योजनाओं का लाभ पाने के लिए जिला मुख्यालय का चक्कर न लगाना पड़े। उन्होंने कहा कि, “जिला प्रशासन की पूरी टीम आपके द्वार पर पहुंची है। आपकी समस्याओं का ऑन द स्पॉट समाधान हमारी प्राथमिकता है। कोई भी पात्र लाभुक सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे, यही सरकार की प्रतिबद्धता है।”
उपायुक्त ने लोगों से अपील की कि वे स्वयं भी शिविरों का हिस्सा बनें और दूसरों को भी योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक करें। उन्होंने बताया कि सेवा का अधिकार सप्ताह का अंतिम दिन 28 नवंबर 2025 है, इसलिए अधिक से अधिक लोग शिविरों तक पहुंचकर लाभ उठाएं।
लाभुकों को योजनाओं से आच्छादित किया गया
शिविर में उपायुक्त ने विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लाभुकों को स्वीकृति पत्र, प्रमाण पत्र, परिसंपत्तियों का वितरण किया। साथ ही अन्नप्राशन, गोदभराई तथा एसएचजी सदस्यों के पहचान पत्र वितरण जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण
स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, कल्याण, आपूर्ति, राजस्व, पेयजल एवं स्वच्छता, श्रम विभाग सहित कई विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का उपायुक्त ने निरीक्षण किया। उन्होंने प्रतिनियुक्त कर्मियों को योग्य लाभुकों के आवेदन प्राथमिकता के आधार पर स्वीकार करने और मौके पर समस्याओं के तत्काल समाधान का निर्देश दिया।
ग्रामीणों की समस्याओं का हुआ त्वरित निष्पादन
शिविर के दौरान ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश देते हुए ऑन द स्पॉट कई समस्याओं का समाधान कराया।
गढ़वा जिले के अन्य प्रखंडों में भी लगे शिविर
सेवा का अधिकार सप्ताह के तहत आज जिले के पिपरा, बीरबंधा, संग्रहेखुर्द, बाना, तेनार, खोरिडीह, खरौंधा, राणाडीह, सोनदाग, विश्रामपुर, ओबरा, फकीराडीह, चपरी, बिलैतीखैर, झोतर, टाटीदीरी, केतार, रमकंडा, बलिगढ़, बहियार कला, रैदास नगर आदि पंचायत भवनों में शिविर आयोजित किए गए।
इन शिविरों में लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से आच्छादित किया गया और कई मामलों का मौके पर निपटारा किया गया।
कल अंतिम दिन इन पंचायतों में लगेगा शिविर
28 नवंबर 2025 को अंतिम दिवस पर निम्न पंचायतों में शिविर आयोजित होंगे:
रंका प्रखंड
सिरोई खुर्द, दूधवल
मेराल प्रखंड
मेराल पश्चिम, अरंगी, तीसरटेटूका
कांडी प्रखंड
घटहुआ कलां, मंझिगावां
भंडरिया प्रखंड
जनेवा
भवनाथपुर प्रखंड
पंडरिया, अरसली दक्षिणी
चिनियाँ प्रखंड
हेताड़ कला
डंडई प्रखंड
तसरार, डंडई
धुरकी प्रखंड
गनियारी कला
खरौंधी प्रखंड
सुंडी, मंझिगावां
मंझिआंव प्रखंड
टड़हे, करमडीह
नगर उंटारी प्रखंड
चितविश्राम, नरही
साथ ही नगर उंटारी नगर पंचायत में मध्य विद्यालय अधौरा एवं मध्य विद्यालय जतपुरा, रमना प्रखंड टंडवा और बहियार खुर्द।














