झारखंड वार्ता
मेदिनीनगर (पलामू)। शहर के टाउन थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस लाइन रोड में सोमवार देर रात सड़क हादसे में ई-कॉमर्स कंपनी के एक डिलीवरी बॉय की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान चैनपुर थाना क्षेत्र के चांदो निवासी विश्वनारायण के रूप में हुई है। वहीं, घायल विनीत कुमार मेदिनीनगर के हमीदगंज के रहने वाले हैं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 12 बजे के बाद विश्वनारायण और विनीत कुमार बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस लाइन रोड में सब्जी लदे एक पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विश्वनारायण की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विनीत कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गए। बताया जाता है कि विश्वनारायण के सिर में गंभीर चोट लगी थी। हादसे के समय दोनों बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था।
पिकअप जब्त, एक व्यक्ति हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है। वहीं, पिकअप पर सवार एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घायल को रिम्स किया गया रेफर
हादसे में घायल विनीत कुमार को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक और घायल के परिजन तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।
हेलमेट पहनने की अपील
टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। उन्होंने बाइक चालकों से हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाने की अपील की। थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस लगातार लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक कर रही है, ताकि इस तरह की घटनाओं में जान जाने से बचाया जा सके।




