
जमशेदपुर: गुरुमसनी आने-जाने वाले यात्रियों की समस्याओं को लेकर ‘मां तुझे सलाम’ संस्था के प्रतिनिधिमंडल ने जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो को ज्ञापन सौंपा। संस्था ने रेलवे पर गुरुमसनी क्षेत्र के यात्रियों के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाते हुए यहां जाने वाली ट्रेनों की संख्या बढ़ाने की मांग की।
संस्था ने ज्ञापन के माध्यम से कहा कि टाटा-बादामपहाड़ रेल लाइन पर आधा दर्जन से अधिक ट्रेनों का परिचालन हो रहा है, लेकिन इनमें से बेहद कम ट्रेनें ही गुरुमसनी तक जाती हैं। संस्था के मुताबिक सुबह करीब 4 बजे चलने वाली ट्रेन और सुबह 10 बजे की लोकल ट्रेन गुरुमसनी जाती है, जबकि दो एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव अथवा परिचालन गुरुमसनी तक नहीं है।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि सुबह 6 बजे वाली ट्रेन का अप और डाउन दोनों परिचालन है, लेकिन शाम 6 बजे वाली ट्रेन केवल अप दिशा में चलती है। इससे गुरुमसनी और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
संस्था ने सवाल उठाया कि गुरुमसनी क्षेत्र से देशभर में आयरन अयस्क की आपूर्ति होती है और रेलवे को यहां से बड़ी मात्रा में राजस्व प्राप्त होता है, इसके बावजूद स्थानीय यात्रियों को पर्याप्त रेल सुविधा क्यों नहीं दी जा रही है।
‘मां तुझे सलाम’ संस्था ने सांसद से मांग की कि रेलवे के संबंधित अधिकारियों के समक्ष इस मुद्दे को गंभीरता से उठाया जाए और जल्द से जल्द अन्य ट्रेनों का परिचालन भी गुरुमसनी तक सुनिश्चित कराया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर रेल सुविधा मिल सके।
ज्ञापन प्राप्त करने के बाद सांसद विद्युत वरण महतो ने इसे गंभीर मामला बताते हुए कहा कि यात्रियों की समस्या को रेलवे एवं संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा और समाधान की दिशा में पहल की जाएगी।
इस दौरान संस्था के अध्यक्ष मोहम्मद अजहर खान के अलावा मुकेश पाल, नंदकिशोर ठाकुर, फरीद मलिक, सुबोध सिंह सरदार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।




