
धनबाद:गोन्दूडीह ओपी क्षेत्र की धरिया जोबा बस्ती में शनिवार को पुरानी रंजिश को लेकर हुई गोलीबारी से इलाके में हड़कंप मच गया। विवाद के दौरान भवानी सिंह नामक युवक ने 27 वर्षीय पिंटू पासवान पर कथित तौर पर पिस्टल से फायरिंग कर दी। इस घटना में पिंटू की जांघ में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही गोन्दूडीह पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पिंटू को इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच भेजा गया। पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद किया गया है।
बताया जा रहा है कि भवानी सिंह और पिंटू पासवान के बीच लंबे समय से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। शनिवार को इसी मुद्दे पर दोनों आमने-सामने आ गए और कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर भवानी सिंह ने हथियार निकाल लिया और पिंटू की ओर तीन राउंड फायरिंग की। इनमें से एक गोली पिंटू की जांघ में जा लगी।
वारदात के बाद आरोपी मौके से निकल गया। मामले की जानकारी मिलने पर गोन्दूडीह ओपी प्रभारी लव कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस अधिकारी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे दोनों युवकों के बीच चल रहा पुराना विवाद सामने आया है।
फिलहाल पुलिस आरोपी भवानी सिंह की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच के साथ गोलीबारी में इस्तेमाल हथियार की भी तलाश कर रही है।




