धनबाद: जिले के जोड़ापोखर थाना क्षेत्र अंतर्गत डिगवाडीह इलाके से एक बेहद सनसनीखेज और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां एक जेएमएम नेता पर तीन लोगों को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगा है। इस घटना में तीनों युवक बुरी तरह झुलस गए हैं, जिनका इलाज फिलहाल एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना मंगलवार देर रात की है। बताया जा रहा है कि गुमटी को लेकर हुए विवाद के दौरान जेएमएम नेता मदन राम ने कथित तौर पर अपने चचेरे भाई उत्सव राम सहित विवेक राम और विनायक गुप्ता पर गुमटी में रखे पेट्रोल को छिड़ककर आग लगा दी। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में इधर-उधर भागने लगे।
स्थानीय लोगों की तत्परता से तीनों घायलों को तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उत्सव राम की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जबकि विवेक राम और विनायक गुप्ता की हालत स्थिर बताई जा रही है।
पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि मदन राम और उत्सव राम के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। परिजनों का दावा है कि इससे पहले भी कई बार जानलेवा हमले की कोशिश की गई, लेकिन मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे आरोपियों के हौसले बुलंद होते चले गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद बुधवार को जोड़ापोखर थाना की पुलिस अस्पताल पहुंची और तीनों घायलों का बयान दर्ज किया। पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने और न्याय दिलाने की मांग की है।
इस संबंध में जोड़ापोखर थाना के सब-इंस्पेक्टर विपिन कुमार ने बताया कि मामला अत्यंत गंभीर है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। घायलों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल इस घटना से पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है, वहीं पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।













