
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा): नगर पंचायत क्षेत्र के जंगीपुर स्टेशन रोड स्थित एमके इंटरनेशनल स्कूल में गुरुवार को साइबर अपराध एवं डिजिटल सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बैंक ऑफ इंडिया के अधिकारियों ने विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं उपस्थित लोगों को बढ़ते साइबर अपराध के प्रति सतर्क रहने और डिजिटल सेवाओं का सुरक्षित इस्तेमाल करने की जानकारी दी।
कार्यक्रम में बैंक ऑफ इंडिया जोनल ऑफिस रांची के चीफ मैनेजर सुभाष कुमार एवं बैंक ऑफ इंडिया श्री बंशीधर नगर शाखा प्रबंधक अमित चंद्र ने संयुक्त रूप से विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचाव के विभिन्न उपाय बताए। उन्होंने ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी फोन कॉल, संदिग्ध संदेश, अनजान लिंक और अन्य साइबर अपराधों से सतर्क रहने की अपील की।

बैंक अधिकारियों ने कहा कि डिजिटल युग में ऑनलाइन बैंकिंग और इंटरनेट आधारित सेवाओं का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में साइबर अपराधी लोगों को अलग-अलग तरीकों से ठगी का शिकार बनाने का प्रयास करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि ओटीपी, एटीएम पिन, पासवर्ड, बैंक खाते से संबंधित गोपनीय जानकारी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा नहीं करनी चाहिए।
उन्होंने अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध एप डाउनलोड करने तथा फर्जी कॉल या संदेश के झांसे में आने से बचने की सलाह दी। साथ ही डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी संबंधित बैंक या साइबर हेल्पलाइन को देने की बात कही।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रशासक रविंद्र शर्मा एवं कोऑर्डिनेटर विभा चौधरी ने बैंक अधिकारियों को पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया। विद्यालय प्रबंधन ने साइबर सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषय पर विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए बैंक अधिकारियों का आभार जताया।
मौके पर प्रधानाचार्य डॉ. राय रोज, प्रशासक रविंद्र शर्मा, ट्रांसपोर्ट मैनेजर संदीप कुमार सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।







