केरल:- तिरुवनंतपुरम में एक महिला डॉक्टर ने अपनी शादी टूटने से आहत होकर आत्महत्या कर ली। 26 वर्षीय डॉक्टर शाहाना के ब्वॉयफ्रेंड ने शादी करने के लिए दहेज में 150 ग्राम सोना, 15 एकड़ जमीन और बीएमडब्ल्यू कार की डिमांड की थी, जो डॉक्टर के परिवारवाले पूरा करने में असमर्थ रहे। जिसके बाद ब्वायफ़्रेंड ने शादी करने से मना कर दिया, घटना से शाहाना इतनी आहत हो गई की वह किसी से बात नहीं करती थी। जिसके बाद उसने मौत को गले लगा लिया। मृतका के घर से सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है जिसमें लिखा है “हर कोई केवल पैसे से प्यार करता है।”
मृतका शाहाना तिरुवंतपुरम के सरकारी मेडिकल कॉलेज में पीजी कर रही थी। वह पेशे से डॉक्टर भी थी। वह डॉ. रुवैस संग कई सालों से रिलेशनशिप में थी। दोनों ने शादी करने का फैसला किया और अपने परिजनों से बात की। दोनों के परिवारवाले शादी के लिए राजी हो गए लेकिन शाहाना की किस्मत में खुशी नहीं बल्कि मौत लिखी थी।
शाहाना की आत्महत्या से तिरुवनंतपुरम के सरकारी मेडिकल कॉलेज में हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य मंत्री ने मामले के जांच के आदेश दिए हैं। वहीं पुलिस ने प्रेमी और उसके परिवार के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और दहेज रोकथाम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है, दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।