झारखंड वार्ता संवाददाता
कोडरमा। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हजारीबाग एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने गुरुवार को कोडरमा जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग के एक कर्मी को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। एसीबी की टीम ने तिलैया थाना क्षेत्र में जाल बिछाकर विद्युत विभाग के लाइनमैन सह लेखापाल सुनील कुमार को 5 हजार रुपये घूस लेते दबोच लिया। कार्रवाई के बाद बिजली विभाग समेत अन्य सरकारी महकमों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार चौधरीडीह सपही डोमचांच निवासी राजू कुमार यादव पहले ईंट प्लांट का संचालन करते थे। इसके लिए उन्होंने वर्ष 2023 में डोमचांच विद्युत कार्यालय से बिजली कनेक्शन लिया था। बाद में ईंट प्लांट बंद हो जाने के कारण उन्होंने बिजली कनेक्शन समाप्त करने एवं जमा सिक्योरिटी मनी से बकाया बिल समायोजित करने को लेकर आवेदन दिया था।
बताया गया कि आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद सिक्योरिटी मनी रिफंड कराने के नाम पर विद्युत विभाग के कर्मी सुनील कुमार ने 15 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। पीड़ित रिश्वत नहीं देना चाहता था, जिसके बाद उसने मामले की शिकायत एसीबी से की। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई।
इसके बाद एसीबी हजारीबाग थाना में मामला दर्ज कर विशेष टीम गठित की गई। गुरुवार को टीम ने झुमरी तिलैया स्थित विद्युत विभाग कार्यालय के बाहर चाय दुकान के समीप जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी ने राजू कुमार यादव से 5 हजार रुपये रिश्वत ली, एसीबी की टीम ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया।
एसीबी अधिकारियों ने बताया कि आरोपी सुनील कुमार विभाग में लाइनमैन के पद पर कार्यरत है, लेकिन वह लेखापाल सह सहायक का कार्य भी देख रहा था। फिलहाल टीम आरोपी से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
इस कार्रवाई के बाद सरकारी विभागों में हड़कंप मचा हुआ है। एसीबी ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और रिश्वतखोरी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रिश्वत लेते बिजली विभाग का कर्मी एसीबी के हत्थे चढ़ा, 5 हजार रुपये घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार














