July 26, 2026

कोडरमा में हाथियों का उत्पात, कई घर ध्वस्त: खेतों में लगी फसल को रौंदा, घर में रखा चावल-महुआ खा गये, घरों में दुबके लोग

cover-comp-184_1784955943.gif


कोडरमा में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. बीती रात हाथियों के झुंड ने नवलशाही थाना क्षेत्र के पोलवाबार और देवीपुर गांव के साथ-साथ मरकच्चो थाना क्षेत्र के पपलो गांव में जमकर उत्पात मचाया. इस दौरान कई मकान क्षतिग्रस्त हो गये. खेतों में लगी फसलें रौंद दी गईं. गांव में हाथियों के घुसने की खबर मिलते ही लोगों में दहशत फैल गयी. महिलाएं और बच्चे डर के मारे घरों में ही दुबके रहे। ग्रामीणों का कहना है कि आए दिन हाथियों का झुंड गांवों में घुस रहा है. पोलवाबार व देवीपुर में भारी क्षति : हाथियों के झुंड ने पोलवाबार गांव में श्रीलाल टुडू के कच्चे घर को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया. इतना ही नहीं, हाथियों ने घर में रखे करीब 4 क्विंटल चावल और 4 क्विंटल महुआ भी खा लिया. घटना के वक्त गृहस्वामी किसी तरह अपनी जान बचाकर भागने में सफल रहा. देवीपुर गांव में हाथियों ने एक व्यक्ति की चहारदीवारी को ध्वस्त कर दिया. खेत में लगी फसलें रौंदकर पूरी तरह नष्ट कर दी गईं। मरकच्चो थाना क्षेत्र के पपलो गांव में भी हाथियों ने एक घर को ध्वस्त कर दिया और पुआल को नष्ट कर दिया. इससे पहले गुरुवार की रात भी हाथियों ने मरकच्चो के देवीपुर स्थित चिलोडीह प्राथमिक विद्यालय में उत्पात मचाया था और स्कूल के कमरे का दरवाजा तोड़ दिया था. बच्चों के मध्याह्न भोजन के लिए रखा करीब दो क्विंटल चावल खा लिया. इस घटना को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और उन्होंने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि पिछले एक साल में हाथियों के हमले में एक दर्जन से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, फिर भी वन विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है. कई बार सूचना देने के बावजूद विभाग की टीम समय पर नहीं पहुंचती है। ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा जाये. प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

Source link

ख़बर को शेयर करें।