
रामगढ़: रजरप्पा थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह जंगली हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। बड़कीपोना गांव और आसपास के इलाकों में करीब 15 हाथियों का झुंड पहुंचने से ग्रामीणों के बीच दहशत फैल गई। झुंड में छोटे हाथी भी शामिल बताए जा रहे हैं।
इसी दौरान डाड़ीटुंगरी निवासी 50 वर्षीय भानो देवी, पति फुलेश्वर महतो, हाथियों की चपेट में आ गईं। बताया गया कि वह सुबह अपने खेत में कृषि कार्य कर रही थीं, तभी अचानक हाथियों का सामना हो गया। हाथियों ने उन्हें कुचल दिया, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के दौरान एक महिला और एक पुरुष के घायल होने की भी सूचना है।
ग्रामीणों के अनुसार, हाथियों का झुंड बघलता की दिशा से बड़कीपोना इलाके में दाखिल हुआ। इसके बाद हाथी बड़कीपोना रेलवे स्टेशन और ईदगाह मैदान की ओर बढ़ने लगे। देखते ही देखते पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
झाड़ियों में छिपे रहे हाथी, लोगों में दहशत
बाद में हाथियों का झुंड बड़कीपोना रेलवे ओवरब्रिज के पास झाड़ियों में पहुंच गया। कुछ समय बाद हाथी लारी रोड की तरफ बढ़ते हुए मायल स्टेशन की दिशा में चले गए। हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए ग्रामीण अपने घरों की छतों पर चढ़कर उनकी गतिविधियों पर नजर रखते रहे।
झाड़ियों से हाथियों के बाहर निकलने की हर हलचल के साथ ग्रामीणों में डर का माहौल बनता रहा। कई बार लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए।
पुलिस और वन विभाग ने संभाला मोर्चा
हादसे की जानकारी मिलने के बाद रजरप्पा थाना पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। एसआई संजय कुमार रजक समेत अधिकारियों ने इलाके का जायजा लिया और हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखी।
गांव के मुखिया अरविंद सिंह की ओर से लगातार माइक से ग्रामीणों को सतर्क किया गया। लोगों से हाथियों के करीब नहीं जाने और घरों में सुरक्षित रहने की अपील की गई। एहतियात के तौर पर उत्क्रमित मध्य विद्यालय बड़कीपोना को भी बंद करा दिया गया।
वीडियो बनाने के चक्कर में खतरा मोल ले रहे लोग
हाथियों का झुंड इलाके में मौजूद होने के बावजूद कुछ लोग और युवा मोबाइल से वीडियो बनाने के लिए झाड़ियों के आसपास पहुंचते दिखाई दिए। पुलिस और वन विभाग ने ऐसे लोगों को तत्काल वहां से हटने और हाथियों से पर्याप्त दूरी बनाए रखने की चेतावनी दी।
इसी बीच आद्रा-बरकाकाना पैसेंजर ट्रेन भी हाथियों के ठिकाने के समीप से गुजरी। वन विभाग की टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
परिजनों से मिले आजसू नेता
घटना की सूचना मिलने के बाद आजसू के केंद्रीय सचिव अमृत लाल मुंडा मृतका भानो देवी के घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर घटना पर दुख जताया और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी।
फिलहाल इलाके में हाथियों की मौजूदगी को लेकर ग्रामीणों में भारी भय बना हुआ है। वन विभाग की टीम हाथियों को आबादी वाले क्षेत्र से सुरक्षित तरीके से दूर ले जाने की कोशिश में जुटी है।





