रांची: रांची सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद शुक्रवार को पूरे कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। यह धमकी ई-मेल के जरिए भेजी गई थी, जिसकी जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं।
धमकी की गंभीरता को देखते हुए रांची सिविल कोर्ट परिसर और उसके आसपास के क्षेत्रों को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया। कोर्ट में काम से आने-जाने वाले वकीलों, पक्षकारों और आम लोगों में दहशत देखी गई। एहतियातन कोर्ट परिसर में आम लोगों के प्रवेश को सीमित कर दिया गया और सुरक्षा जांच कड़ी कर दी गई।
मामले की सूचना मिलते ही झारखंड जगुआर की बम निरोधक टीम मौके पर पहुंची और पूरे कोर्ट परिसर में सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया। टीम द्वारा हर कोने, कक्ष और संदिग्ध वस्तुओं की बारीकी से जांच की जा रही है ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके।
इधर, पुलिस प्रशासन धमकी भरे ई-मेल के स्रोत का पता लगाने में जुट गया है। साइबर सेल की मदद से ई-मेल की तकनीकी जांच की जा रही है ताकि यह पता चल सके कि धमकी किसने और कहां से भेजी। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल किसी भी तरह की विस्फोटक सामग्री या संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि एहतियाती तौर पर सभी जरूरी सुरक्षा कदम उठाए गए हैं और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जा रही। पूरे घटनाक्रम पर वरिष्ठ अधिकारी लगातार नजर बनाए हुए हैं। सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं और जांच पूरी होने तक निगरानी जारी रहेगी।












