दमोह: मध्य प्रदेश के दमोह जिले से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति पर 16 साल के किशोर की बेरहमी से हत्या करने और उसके शव के साथ अमानवीय हरकत करने का आरोप लगा है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक आरोपी गुड्डा पटेल कुछ समय पहले ही जेल से रिहा होकर गांव लौटा था। वह पहले अपनी पत्नी की हत्या के मामले में करीब 14 साल तक जेल में बंद रहा था। जेल से बाहर आने के बाद उसने ऐसी खौफनाक वारदात को अंजाम दिया कि पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
बताया जा रहा है कि मृतक 16 वर्षीय भरत विश्वकर्मा अपनी बहन से मिलने उसके गांव आया था। वह बहन के घर पहुंचने ही वाला था कि रास्ते में आरोपी गुड्डा पटेल से उसका सामना हो गया।
मृतक के चचेरे भाई विजय विश्वकर्मा के अनुसार, अचानक आरोपी ने भरत पर लोहे के राॅड और हथौड़े से हमला कर दिया। हमले में भरत गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। यह दृश्य देखकर विजय घबरा गया और भागकर गांव पहुंचा तथा लोगों को पूरी घटना की जानकारी दी।
आरोप है कि किशोर की हत्या करने के बाद आरोपी ने बेहद भयावह हरकत की। ग्रामीणों के मुताबिक उसने मृतक का खून पिया और शव का मांस भी खाया। गांव के लोग शोर मचाते रहे, पत्थर फेंकते रहे, मगर नरभक्षी गुड्डा, भरत विश्वकर्मा के सिर पर हथौड़े से वार करता रहा।
लोगों के सामने ही वह खोपड़ी से निकालकर मांस खा रहा था। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी गुड्डा पटेल पहले भी अपनी पत्नी की हत्या के मामले में दोषी ठहराया जा चुका है। इस मामले में वह करीब 14 साल तक जेल में सजा काट चुका था और कुछ समय पहले ही रिहा होकर गांव लौटा था। गांव के लोग बताते हैं कि गुड्डा ने अपनी पत्नी को मारकर उसका भी खून पिया था।
इस घटना के बाद ग्रामीणों में भारी डर का माहौल है। कुछ लोगों का कहना है कि आरोपी मानसिक रूप से अस्वस्थ या साइको प्रवृत्ति का हो सकता है। पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसने इतनी क्रूर वारदात क्यों की।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जाएगी।














