गुंटूर: आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की बेरहमी से हत्या कर दी। इतना ही नहीं बाद में पत्नी ने मृतक के शव के पास बैठकर पॉर्न वीडियो भी देखे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पत्नी का व्यवहार इतना असामान्य था कि उसने पुलिस को भी हैरानी में डाल दिया।
यह घटना गुंटूर जिले के चिलुवुरु गांव की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी महिला की पहचान लक्ष्मी माधुरी के रूप में हुई है, जबकि मृतक पति लोकम शिवा नागराजू पेशे से प्याज व्यापारी था।
लंबे समय से चल रहा था पारिवारिक विवाद
पुलिस जांच में सामने आया है कि दंपती के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। इसी दौरान माधुरी का एक युवक गोपी के साथ अवैध प्रेम संबंध बन गया। दोनों ने मिलकर नागराजू को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
दरअसल, माधुरी विजयवाड़ा के एक सिनेमा थिएटर के टिकट काउंटर पर काम करती थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात सत्तेनपल्ली के रहने वाले कार ड्राइवर गोपी से हुई। शादीशुदा होने के बावजूद माधुरी का गोपी के साथ अवैध संबंध था।
खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर किया बेहोश
पुलिस के मुताबिक वारदात वाली रात माधुरी ने पति के लिए बिरयानी बनाई, जिसमें नींद की 20 गोलियां मिलाई गई। खाना खाने के बाद नागराजू गहरी नींद में चला गया। इसके बाद रात करीब 11:30 बजे प्रेमी गोपी घर पहुंचा।
तकिए से घोंट दी सांस
पुलिस का कहना है कि गोपी ने नागराजू की छाती पर बैठकर उसे जकड़ लिया, ताकि वह कोई विरोध न कर सके। उसी दौरान माधुरी ने तकिए से उसका दम घोंट दिया। मौके पर ही नागराजू की मौत हो गई। हत्या के बाद गोपी वहां से फरार हो गया और माधुरी घर में ही रही। मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि हत्या के बाद महिला ने न तो किसी को सूचना दी और न ही मदद मांगी। पुलिस के अनुसार वह पूरी रात घर में पति की लाश के पास ही रही और रात भर अश्लील वीडियो देखती रही। सुबह करीब चार बजे उसने पड़ोसियों को बताया कि पति की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई है।
पड़ोसियों को हुआ शक, खुल गई पोल
महिला की कहानी पर पड़ोसियों और मृतक के दोस्तों को भरोसा नहीं हुआ। शव पर चोट के निशान और खून के धब्बे देख संदेह गहरा गया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने पूरे मामले से पर्दा उठा दिया। रिपोर्ट में साफ हुआ कि नागराजू की मौत दम घुटने से हुई है। साथ ही उसकी छाती की हड्डियों में फ्रैक्चर भी पाया गया।
पूछताछ में टूटी आरोपी पत्नी
कड़ी पूछताछ के दौरान माधुरी ने कथित तौर पर अपना अपराध कबूल कर लिया। पुलिस ने महिला और उसके प्रेमी गोपी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
साजिश में और लोगों की भूमिका की जांच
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस हत्या की साजिश में कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं। फिलहाल यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोगों को झकझोर कर रख दिया है।











