Pakistan-Afghanistan Conflict: पाकिस्तान द्वारा अफगानिस्तान के कई ठिकानों पर एयर स्ट्राइक किए जाने के बाद से दोनों देशों के बीच झड़पें तेज हो गई हैं। पाकिस्तान के एयर स्ट्राइक के जवाब में तालिबान ने एक सैन्य ऑपरेशन शुरू किया, जिससे सीमा पर स्थिति और भी भयावह हो गई है। तालिबान ने दावा किया कि अब तक, पाकिस्तान की 2 सैन्य चौकियों पर कब्जा कर लिया है। साथ ही खोस्त और पख्तिया प्रांतों में अफगान और पाकिस्तानी सीमा बलों के बीच झड़प में 19 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए हैं। सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तान की ओर से दागे गए मोर्टार के गोले के कारण पक्तिया के दंड-ए-पाटन जिले में तीन नागरिकों की भी मौत हो गई। दोनों के बीच अभी भी झड़प जारी है।
हमले से पहले पाकिस्तानी सेना और पीएम शहबाज शरीफ ने धमकी दी थी कि तालिबान लड़ाई से परहेज करें, नहीं तो आगे भी अफगानिस्तान में हमले जारी रखेंगे। पाकिस्तानी वायुसेना ने पिछले दिनों अफगानिस्तान के पाकटीआ प्रांत में हवाई हमला करके 50 लोगों को मार दिया था। इसके बाद से तालिबानी सरकार ने ऐलान किया है कि वे इसका करारा जवाब देंगे। पीएम शहबाज शरीफ की धमकी के बाद भी तालिबान लगातार पाकिस्तान पर हमलावर है।