
बोकारो। बोकारो के सेक्टर-6 थाना क्षेत्र में रविवार की सुबह उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब डेली मार्केट मोड़ के पास अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने आसपास मौजूद कई फुटपाथ दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना में करीब आठ दुकानें पूरी तरह प्रभावित हुई हैं, जबकि दुकानों में रखा सामान जलकर बर्बाद हो गया।
आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जब तक दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, तब तक लपटें कई दुकानों तक फैल चुकी थीं। प्रारंभिक आकलन में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के घायल होने या जान जाने की सूचना नहीं है।
बताया जा रहा है कि रविवार सुबह करीब 6:45 बजे डेली मार्केट मोड़ के समीप प्रसाद होटल की तरफ से धुआं उठता दिखाई दिया। पास में मौजूद सागर चाय दुकान के लोगों ने सबसे पहले स्थिति को भांपा। मौके पर मौजूद एक पुलिसकर्मी की नजर भी धुएं पर पड़ी।
बिना देर किए अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही करीब 10 से 15 मिनट के अंदर झारखंड अग्निशमन विभाग की दो दमकल गाड़ियां और बीएसएल की एक फायर टेंडर मौके पर पहुंच गई। इसके बाद भगवान ओझा के नेतृत्व में फायर ब्रिगेड की टीम ने मोर्चा संभालते हुए आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया।
आग तेजी से फैलने के कारण दुर्गा सैलून, आशुतोष होटल, प्रसाद होटल, धर्मेंद्र होटल, रामबालक लड्डू दुकान, संतोष हार्डवेयर, विजय चश्मा दुकान और मनिहारी शॉप प्रभावित हुए हैं।
आग बुझाने के दौरान संभावित खतरे को देखते हुए दुकानों में रखे सिलिंडरों को भी तत्काल बाहर निकाल लिया गया। इससे किसी बड़े हादसे की आशंका को टालने में मदद मिली।
आग की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और पुलिस ने भी सक्रियता दिखाई। लोगों की मदद और दमकल कर्मियों की कार्रवाई के चलते आग को आसपास की अन्य दुकानों और इलाकों में फैलने से रोक लिया गया।
फिलहाल आग किस वजह से लगी, इसका स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। संबंधित विभाग द्वारा घटना के कारणों की जांच की जा रही है। नुकसान का वास्तविक आकलन भी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।






