झारखंड

झारखंड पुलिस मुख्यालय के डेटा सेंटर में लगी आग, कई कंप्यूटर जलकर खाक

ख़बर को शेयर करें

रांची: राजधानी रांची के धुर्वा स्थित झारखंड पुलिस मुख्यालय में सोमवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। पुलिस मुख्यालय के डेटा सेंटर के डेवलपमेंट सेक्शन में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने कंप्यूटर और उपकरणों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद मुख्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही गार्ड्स और डेटा सेंटर के कर्मचारियों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को खबर दी। दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

डेवलपमेंट सेक्शन का काम ठप

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग में 13 से अधिक कंप्यूटर पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए हैं। यही कंप्यूटर मुख्यालय की वेबसाइट पर सामग्री अपलोड करने और अन्य अहम कार्यों में उपयोग किए जाते थे। आग की वजह से फिलहाल ये सभी काम प्रभावित हो गए हैं।

शॉर्ट सर्किट से लगी आग

पुलिस मुख्यालय के सूत्रों ने बताया कि आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। देर रात कंप्यूटर और अन्य उपकरणों के इलेक्ट्रिक कनेक्शन बंद नहीं किए गए थे, जिसके चलते शॉर्ट सर्किट हुआ और आग भड़क गई।

बड़ा नुकसान टला

पुलिस कर्मियों का कहना है कि आग सिर्फ डेटा सेंटर के पहले माले तक ही सीमित रही। अगर आग ऊपर के हिस्सों तक फैल जाती तो नुकसान और भी बड़ा हो सकता था।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

मुख्यालय में तैनात कुछ कर्मियों ने बताया कि डेटा सेंटर में वायरलेस विभाग के पुलिसकर्मी भी रहते हैं, लेकिन उनकी ड्यूटी रात में नहीं होती। ऐसे में सुरक्षा और संचालन का जिम्मा प्राइवेट कर्मचारियों के भरोसे ही छोड़ दिया जाता है।

आधिकारिक बयान

झारखंड पुलिस के प्रवक्ता आईजी माइकल राज ने बताया, “डेटा सेंटर के पहले माले पर आग लगी थी, जिस पर नियंत्रण पा लिया गया है। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दिए गए हैं और दोषियों पर कार्रवाई तय है।”

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।