
गोलाघाट: असम के गोलाघाट जिले से जंगली हाथी का एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया यूजर्स का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। जंगल से निकलकर एक हाथी प्लेग्राउंड में जा पहुंचा। मैदान में पहुंचने के बाद हाथी ने कुछ ऐसा किया, जिसे देखकर वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए। हाथी फुटबॉल के साथ खेलने लगा और अपने पैरों से गेंद को किक मारता नजर आया।
यह घटना नुमालीगढ़ स्थित बोगीधला मैदान की है। रविवार को मैदान में कुछ बच्चे फुटबॉल खेल रहे थे। इसी दौरान जंगल की ओर से एक जंगली हाथी मैदान में पहुंच गया। हाथी के मैदान में आते ही बच्चों ने खेल रोक दिया और सुरक्षित दूरी पर चले गए। इसके बाद हाथी की नजर फुटबॉल पर पड़ी। इसके बाद वह गेंद के पास पहुंचा और उसे अपने पैरों से आगे की ओर धकेलने लगा। कुछ ही पलों में वह फुटबॉल को बाकायदा किक मारता दिखाई दिया।
गेंद को पैर से किक मारता रहा हाथी
वायरल वीडियो में हाथी मैदान के बीचों-बीच फुटबॉल के साथ नजर आ रहा है। कभी वह गेंद को सूंड से छूता है तो कभी पैर से उसे किक मारकर आगे बढ़ा देता है। मैदान में हाथी का यह अनोखा अंदाज देखकर वहां मौजूद लोगों के लिए यह नजारा रोमांच से कम नहीं था।
इसी दौरान किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल कैमरे से हाथी के फुटबॉल खेलने का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया गया, जहां देखते ही देखते वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग हाथी के इस अनोखे अंदाज को खूब पसंद कर रहे हैं। कई यूजर्स इसे देखकर मजेदार प्रतिक्रियाएं भी दे रहे हैं।






