{"remix_data":[],"remix_entry_point":"challenges","source_tags":["local"],"origin":"unknown","total_draw_time":0,"total_draw_actions":0,"layers_used":0,"brushes_used":0,"photos_added":0,"total_editor_actions":{},"tools_used":{"transform":1},"is_sticker":false,"edited_since_last_sticker_save":true,"containsFTESticker":false}
गढ़वा: झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री झामुमो के केंद्रीय महासचिव मिथिलेश कुमार ठाकुर जनसेवा के साथ-साथ धार्मिक कार्य भी हमेशा बढ़ चढ़ कर करते हैं। प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी श्री ठाकुर ने लगभग एक हजार कांवरियों को देवघर रवाना किया। श्री ठाकुर ने कांवरियों के लिए करीब डेढ़ दर्जन बस के साथ-साथ सभी के लिए रास्ते का नाश्ता, ठहराव आदि की व्यवस्था की।
श्री ठाकुर ने सभी कांवरियों को बस स्टैंड से झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान बस स्टैंड में गढ़वा जिला बस एसोसिएशन की ओर से पूर्व मंत्री श्री ठाकुर एवं झामुमो जिला कमिटी के पदाधिकारियों को माला पहनाकर एवं चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान पूरा शहर बोल बम के जयकारों से गूंजता रहा। पूरा गढ़वा भक्तिमय बना रहा।
इससे पूर्व मंगलवार को सुबह से ही जिले के विभिन्न प्रखंडों से देवघर जाने वाले कांवरिया पूर्व मंत्री श्री ठाकुर के आवास पर एकत्रित हुए। वहां सभी के लिए भोजन की व्यवस्था की गई थी। भोजन करने के पश्चात सभी चिनियां मोड़ स्थित काली मंदिर परिसर में एकत्रित हुए। वहां पूजा अर्चना करने के बाद श्री ठाकुर कांवरियों के साथ पैदल रंका मोड़ स्थित संकट मोचन मंदिर होते हुए गढ़देवी मंदिर पहुंचे। वहां से पूजा अर्चना कर सभी बस स्टैंड पहुंचे। बस स्टैंड से सभी कांवरियों को नाश्ता, अंगवस्त्र एवं अन्य आवश्यक सामग्री देकर रवाना किया गया।
मौके पर पूर्व मंत्री श्री ठाकुर ने कहा कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी करीब एक हजार कांवरियों को बाबा की नगरी देवघर भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि बाबा बैद्यनाथ के प्रति लोगों की गहरी आस्था है। यह धार्मिक यात्रा पिछले 16 वर्षों से लगातार आयोजित की जा रही है। श्री ठाकुर ने कहा कि इस आयोजन का कोई राजनीतिक उद्देश्य नहीं है। इसका उद्देश्य सिर्फ धार्मिक आयोजन करना नहीं, बल्कि ऐसे लोगों को भी बाबा के दर्शन का अवसर उपलब्ध कराना है, जो आर्थिक अभाव के कारण देवघर जाने में सक्षम नहीं होते हैं।
उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग के लोगों को धार्मिक आस्था और श्रद्धा के साथ बाबा का दर्शन करने का अवसर मिलना चाहिए। इस प्रकार के कार्यों से आत्मसंतुष्टि मिलती है। उन्होंने बोल बम जाने वाले श्रद्धालुओं से कहा कि सभी लोग बाबा भोलेनाथ से गढ़वा जिले सहित पूरे झारखंड की खुशहाली, शांति और समृद्धि की कामना करें। श्री ठाकुर ने सभी कांवरियों की मंगलमय और सुरक्षित यात्रा की प्रार्थना की।
कार्यक्रम के दौरान कांवरियों में भी काफी उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने कहा कि बाबा बैद्यनाथ के दर्शन के लिए जाने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। सामूहिक रूप से यात्रा पर निकलने के कारण श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और उमंग नजर आया।
मौके पर मुख्य रूप से झामुमो जिलाध्यक्ष शंभु राम, सचिव शरीफ अंसारी, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रेखा चौबे, मीडिया पैनलिस्ट धीरज दुबे, जवाहर पासवान, संतोष केशरी, अराधना सिंह, चंदा देवी, तनवीर आलम, मनोज ठाकुर आदि सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।







