गढ़वा

गढ़वा: डीसी ने जनता दरबार में सुनी लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को समाधान का दिया निर्देश

ख़बर को शेयर करें

गढ़वा: उपायुक्त गढ़वा, शेखर जमुआर ने आज समाहरणालय स्थित सभागार में जनता दरबार का आयोजन किया। जनता दरबार में आए फरियादियों की समस्याएं बारी-बारी से सुनी गई एवं उसके निष्पादन हेतु उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारी को निर्देश दिया। आज के जनता दरबार में राशन, पेंशन, भूमि विवाद, अवैध कब्जा, आवास, मुआवजा, योजनाओं का लाभ, अतिक्रमण, रोजगार सृजन, बकाया मजदूरी भुगतान, अनुकम्पा आधारित नौकरी समेत अन्य समस्याओं को लेकर उपस्थित हुए ग्रामीणों की बारी-बारी से उपायुक्त द्वारा समस्या सुनी गई एवं यथाशीघ्र उनके समस्याओं के निराकरण करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया।

सर्वप्रथम चिनियां प्रखंड के करीब 71 व्यक्तियों ने उपायुक्त के समक्ष सामूहिक रूप से हस्ताक्षरित आवेदन समर्पित करते हुए बताया कि में आदिम जनजातियों को डाकिया योजना से मिलने वाले राशन का वितरण पिछले तीन माह से नहीं किया गया है जिसके कारण आदिम जनजाति के परिवारों के समक्ष भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गई है। उन्होंने कहा कि इस आशय की सूचना प्रखंड विकास पदाधिकारी चिनियां को भी दी गई परंतु कोई फलाफल नहीं निकला। अतः सभी ने अनुरोध किया है कि उक्त मामले को संज्ञान में लेते हुए शीघ्र ही डाकिया योजना के तहत मिलने वाले खाद्यान का वितरण कराने की कृपा की जाय।

मझिआंव प्रखंड के दवनकारा निवासी अनूप कुमार पासवान ने अबुआ आवास का लाभ प्रदान करने के संबंध में अनुरोध किया है। उन्होंने बताया कि वह एक गरीब व्यक्ति हैं जिनका एक कच्चा मकान है एवं जर्जर स्थिति में है। उन्होंने बताया कि अबुआ आवास योजना के तहत लाभुक के रूप में उनका नाम दर्ज है परंतु अभी तक अबुआ आवास योजना का लाभ उन्हें नहीं मिला है। उन्होंने अबुआ आवास दिलाने के नाम पर संबंधित मुखिया द्वारा घूसखोरी करने की भी शिकायत की है। उन्होंने आवेदन समर्पित करते हुए उक्त मामले के जांचोंपरांत अबुआ आवास योजना के तहत लाभ दिलाने का अनुरोध किया है। एक अन्य मामले में बिशुनपुरा प्रखंड के पतिहारी निवासी अलीमुद्दीन मियां द्वारा बिजली विभाग नगर उंटारी के पदाधिकारियों एवं कर्मियों पर अवैध वसूली करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि बिजली कनेक्शन होने के बावजूद भी फर्जी केश दर्ज करते हुए उनसे लगभग 73 हजार रुपए फाइन के रूप में लिया गया है। उन्होंने उक्त मामले की जांच कराते हुए उपरोक्त फाइन की राशि वापस करने का अनुरोध किया है। इस प्रकार बारी-बारी से लोगों ने अपनी-अपनी विभिन्न प्रकार की समस्याओं को उपायुक्त के समक्ष रखा। जनता दरबार में आमजनों के विभिन्न समस्याओं से संबंधित कुल 06 मामले प्राप्त हुए। आमजनों से प्राप्त शिकायतों के समाधान हेतु उपायुक्त श्री जमुआर द्वारा संबंधित पदाधिकारीयों को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।