झारखंड वार्ता संवाददाता
कांडी (गढ़वा): कांडी-मझिआंव मुख्य सड़क मार्ग पर संखवा मोड़ के समीप मंगलवार की शाम करीब 7 बजे एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे 33 हजार वोल्ट के बिजली पोल से जा टकराई। इस भीषण सड़क दुर्घटना में कार सवार एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि वाहन में सवार अन्य लोग मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि फोनेक्स कार (संख्या JH 01 FE 5107) मझिआंव की ओर तेज गति में आ रही थी। संखवा मोड़ के पास चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे कार सीधे बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घायल व्यक्ति की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, घायल की स्थिति गंभीर बताई जा रही है और वह अचेत अवस्था में है। उसके पास कोई पहचान पत्र भी नहीं मिला, हालांकि उसने खुद को गढ़वा थाना क्षेत्र का निवासी बताया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को गढ़वा सदर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। पुलिस अब फरार हुए अन्य सवारों की तलाश के साथ-साथ वाहन मालिक की पहचान में भी जुटी हुई है।
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई थी, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस ने जनता से अपील की है कि यदि किसी ने घटना का सीधा साक्ष्य देखा हो तो तुरंत जानकारी दें, ताकि मामले की जांच तेजी से पूरी की जा सके।
गढ़वा: तेज रफ्तार कार बिजली पोल से टकराई, एक गंभीर घायल














