गढ़वा: नए सिविल सर्जन डॉ. जॉन एफ. केनेडी का जिला अस्पताल में भव्य स्वागत, बोले- मरीजों की सेवा सर्वोच्च प्राथमिकता

On: July 10, 2025 11:50 AM

---Advertisement---
पिन्टू कुमार
गढ़वा: जिला सदर अस्पताल में गुरुवार को नए सिविल सर्जन डॉ. जॉन एफ. केनेडी का स्वास्थ्यकर्मियों ने पुष्पगुच्छ और तालियों की गूंज के साथ जोरदार स्वागत किया। पदभार ग्रहण करने के बाद यह उनका अस्पताल का पहला औपचारिक दौरा था, जिसे लेकर पूरे अस्पताल परिसर में खासा उत्साह देखा गया।
डॉ. केनेडी ने स्पष्ट किया कि उनकी पहली प्राथमिकता मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा, “सीमित संसाधनों के बावजूद अगर स्वास्थ्यकर्मी टीमवर्क और जिम्मेदारी से काम करें, तो परिणाम बेहतर हो सकते हैं।” उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को इलाज, दवा और जांच की समुचित व्यवस्था मिलेगी ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो।
सिविल सर्जन ने कहा कि वे खुद भी जरूरत पड़ने पर ड्यूटी समाप्त होने के बाद भी ओपीडी और इमरजेंसी में उपलब्ध रहेंगे ताकि किसी मरीज को इलाज में देरी न हो। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों से अपील की कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।
डॉ. केनेडी ने माना कि झारखंड में चिकित्सकों की भारी कमी एक बड़ी चुनौती है, लेकिन उन्होंने भरोसा दिलाया कि इसके बावजूद वे हरसंभव कोशिश करेंगे कि मरीजों को कोई असुविधा न हो। उन्होंने कहा, अगर किसी मरीज या स्टाफ को कोई समस्या है तो वे मुझसे सीधे संपर्क करें, हर समस्या का समाधान गंभीरता से किया जाएगा।
इस अवसर पर उपाधीक्षक डॉ. मेहरू यामिनी, डॉ. संतोष मिश्रा, डॉ. पुष्पा सहगल, कौशल सहगल, हॉस्पिटल मैनेजर सुनील मनी त्रिपाठी, डीपीएम नीरज भगत, लेखापाल बिमलेश कुमार, सुबोध सिंह सहित अन्य डॉक्टर व कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर संकल्प लिया कि नए सिविल सर्जन के नेतृत्व में गढ़वा की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़, पारदर्शी और जवाबदेह बनाया जाएगा।