
गढ़वा: मझिआंव प्रखंड के बरडीहा थाना क्षेत्र के अंबेडकर टोला में गुरुवार को एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। 19 वर्षीय सत्यवती देवी ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान रंजीत कुमार राम की पत्नी के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि गुरुवार को अंबेडकर टोला की एक लकवाग्रस्त महिला की मौत हो गई थी। उसके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए सत्यवती के पति और ससुर घर से बाहर गए हुए थे। वहीं, उसकी सास खेत में काम करने चली गई थी। इसी दौरान सत्यवती घर में अकेली थी। परिजनों के घर लौटने पर उसे फंदे से लटका पाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही बरडीहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की।
तीन माह पहले ही हुई थी शादी
पुलिस के अनुसार, सत्यवती की शादी करीब तीन महीने पहले मई में पलामू जिले के जपला में रंजीत कुमार राम के साथ हुई थी। शादी के कुछ ही महीने बाद उसकी मौत से परिवार और आसपास के लोग स्तब्ध हैं।
फिलहाल नवविवाहिता के आत्महत्या करने के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा भेजा जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मायके पक्ष की ओर से दिए जाने वाले आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कहा कि जांच के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।







