---Advertisement---

गढ़वा: पदाधिकारियों व कर्मियों ने तंबाकू उत्पाद का निषेध करने का लिया संकल्प

On: January 29, 2026 10:33 PM
---Advertisement---

झारखंड वार्ता संवाददाता

गढ़वा: कुष्ठ रोग के प्रति सामाजिक जागरूकता बढ़ाने, समय पर पहचान एवं प्रभावी उपचार के माध्यम से जिले को कुष्ठ रोग मुक्त बनाने के उद्देश्य से स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान–2026 एवं कुष्ठ रोगी खोज अभियान (चक्र-2) के सफल संचालन को लेकर समाहरणालय में उपायुक्त दिनेश यादव की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई।

बैठक के दौरान उपायुक्त श्री यादव ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों, कर्मियों एवं प्रतिभागियों को कुष्ठ रोग उन्मूलन की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि कुष्ठ रोग पूरी तरह से उपचार योग्य है, आवश्यकता केवल समय पर पहचान, सही इलाज एवं सामाजिक सहयोग की है। उन्होंने बताया कि स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान 30 जनवरी 2026 से 14 फरवरी 2026 तक जिले भर में चलाया जाएगा। वहीं कुष्ठ रोगी खोज अभियान (चक्र-2) के तहत 9 मार्च 2026 से 23 मार्च 2026 तक घर-घर सर्वे कर संभावित कुष्ठ रोगियों की पहचान की जाएगी, ताकि उन्हें शीघ्र उपचार से जोड़ा जा सके।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि अभियान के दौरान ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। इसमें ग्राम सभा, पंचायत प्रतिनिधि, विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र एवं शैक्षणिक संस्थानों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। विद्यालय स्तर पर छात्रों के माध्यम से जागरूकता फैलाने हेतु क्विज, निबंध एवं अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताओं के आयोजन के निर्देश भी दिए गए। अभियान के अंतर्गत कुष्ठ रोग से मुक्त हो चुके व्यक्तियों को सम्मानित कर उन्हें समाज में जागरूकता का माध्यम बनाया जाएगा। साथ ही 30 जनवरी 2026 को कुष्ठ निषेध दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित कर सामाजिक भ्रांतियों को दूर करने का प्रयास किया जाएगा।

इसके पश्चात राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत जिला स्तरीय तंबाकू नियंत्रण समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला नोडल पदाधिकारी डॉ. के.एल. सहगल ने तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। जिला परामर्शी नीरज कुमार एवं साइकोलॉजिस्ट कुमार संजीव शरण द्वारा पीपीटी के माध्यम से अप्रैल 2025 से दिसंबर 2025 तक की उपलब्धियों की प्रस्तुति दी गई। बताया गया कि विद्यालय जागरूकता के 70 लक्ष्य में से 55 विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किए गए, वहीं महाविद्यालय स्तर पर निर्धारित चार में से दो जागरूकता कार्यक्रम संपन्न कराए गए। इसके अतिरिक्त 400 शैक्षणिक संस्थानों को तंबाकू मुक्त घोषित किए जाने के लक्ष्य के विरुद्ध 398 संस्थानों का मूल्यांकन किया गया।

बैठक के उपरांत विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर उपायुक्त दिनेश यादव की अध्यक्षता में सभी चिकित्सा पदाधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने तंबाकू निषेध की शपथ ली। इस दौरान सभी ने अपने जीवन में किसी भी प्रकार के तंबाकू उत्पादों का सेवन नहीं करने, दूसरों को भी इससे दूर रहने के लिए प्रेरित करने तथा तंबाकू से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

बैठक में सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार, पुलिस उपाधीक्षक यशोधरा, जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी डॉ. कौशल सहगल, सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, कार्यक्रम प्रबंधन इकाई, जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. भारत भूषण, फिजियोथैरेपिस्ट अभिषेक सिंह, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now