
गढ़वा: झारखंड सरकार की पहल से गढ़वा पुलिस को 21 नए चारपहिया वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। पुलिस अधीक्षक, गढ़वा ने सभी नए वाहनों को जिले के विभिन्न थाना एवं ओपी को विधिवत सुपुर्द किया।

नए वाहनों के मिलने से जिले में पुलिस की गश्ती व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और त्वरित पुलिस कार्रवाई को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। खासकर ग्रामीण एवं सुदूरवर्ती क्षेत्रों में पुलिस की पहुंच बढ़ाने तथा किसी भी घटना की सूचना मिलने पर कम से कम समय में घटनास्थल तक पहुंचने में इन वाहनों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

इन वाहनों के माध्यम से थाना एवं ओपी क्षेत्रों में नियमित गश्ती, संवेदनशील इलाकों की निगरानी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस बल को सुविधा मिलेगी। इसके अलावा, आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के साथ आम लोगों को बेहतर एवं प्रभावी पुलिसिंग उपलब्ध कराने में भी सहायता मिलेगी।
गढ़वा पुलिस ने कहा कि उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए जनसुरक्षा, अपराध नियंत्रण और बेहतर पुलिसिंग सुनिश्चित करने के लिए पुलिस बल लगातार प्रतिबद्ध है।







