झारखंड वार्ता संवाददाता
गढ़वा: लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) संजय कुमार ने बुधवार को गढ़वा प्रखंड अंतर्गत हरैया गांव में संदिग्ध रूप से भंडारित बालू की जांच की। निरीक्षण के दौरान मौके पर यार्ड के रूप में संग्रहीत लगभग 300 ट्रैक्टर-ट्रॉली के बराबर बालू का बड़ा भंडार पाया गया, जिसके समीप एक निजी स्टॉक यार्ड के नाम का बोर्ड भी लगा हुआ था।
स्थल निरीक्षण के दौरान यह भी स्पष्ट हुआ कि कुछ ही घंटे पहले ट्रैक्टरों के माध्यम से बालू डंप किया गया है। ताजे निशान और गतिविधियों को देखते हुए मामले को गंभीर मानते हुए एसडीएम ने तत्काल अंचल अधिकारी गढ़वा सफी आलम को मौके पर बुलाया और जिला खनन पदाधिकारी को भी स्थिति से अवगत कराया।
अंचल अधिकारी द्वारा संबंधित बालू व्यवसायी को बुलाकर पूछताछ की गई। पूछताछ में व्यवसायी ने बालू भंडारण एवं विक्रय का लाइसेंस होने की बात कही, लेकिन हाल में डंप किए गए बालू के संबंध में वह कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे सका।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीएम संजय कुमार ने अंचल अधिकारी एवं जिला खनन पदाधिकारी को पूरे मामले की विस्तृत जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। साथ ही जांच पूर्ण होने तक उक्त स्थल से किसी भी प्रकार के बालू के क्रय-विक्रय एवं परिवहन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई।
एसडीएम ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन, भंडारण और परिवहन के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गढ़वा: एसडीएम ने संदिग्ध बालू भंडारण की जांच का दिया आदेश, क्रय-विक्रय व परिवहन पर लगाई रोक














