---Advertisement---

गिरिडीह:दोस्ती का कत्ल,मिलने के लिए बुलाया और धारदार हथियार से दोस्त की हत्या, सनसनी

On: April 28, 2026 2:55 PM
---Advertisement---

गिरिडीह : पचम्बा थाना क्षेत्र आजाद नगर चदरापुल से दर्दनाक खबर आ रही है। जहां दोस्त ने भरोसे का कत्ल करते हुए दोस्त को बुलाकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक का नाम 24 वर्षीय तौफिक अंसारी बताया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है पुलिस मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि मरने के पहले तौफीक ने आरोपियों हमलावरों के नाम बता दिए हैं।

मृतक के दोस्त अखलाख के मुताबिक रविवार रात करीब 12 बजे के बाद तौफिक अंसारी के मोबाइल पर उसके दोस्त आसिफ अली का फोन आया। आसिफ मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के अम्बाटांड़ का रहने वाला है। उसने तौफिक को मिलने के लिए बुलाया। तौफिक अपने साथ अखलाख, श्याम और एक अन्य साथी को लेकर चदरा पुल के पास पहुंचा। वहां पहले से ही आसिफ अली अपने साथ बंटी टायसन, साकिब अली, मोनू पठान और अरशद के साथ मौजूद था। अखलाख के मुताबिक, वहां पहुंचते ही तौफिक के साथ गाली-गलौज शुरू हो गई। जब उसने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो आरोपियों ने धारदार हथियार निकाल लिया और हमला कर दिया।

हमले के दौरान सभी लोग जान बचाकर भागने लगे, लेकिन इसी बीच तौफिक गिर गया। इसके बाद आरोपियों ने उसे घेर लिया और धारदार हथियार से लगातार हमला किया। अखलाख ने बताया कि हालात इतने डरावने थे कि बाकी लोग अपनी जान बचाने के लिए वहां से भाग गए, लेकिन तौफिक को नहीं बचा सके।

फुफेरे भाई को पहले ही आया था फोन
मृतक के फुफेरे भाई बब्बन ने बताया कि रात 12:22 बजे उसके पास बंटी टायसन का फोन आया था। बंटी ने कहा था कि तुम्हारे भाई ने आसिफ अली के साथ गाली-गलौज की है, उसे समझाकर घर पर रखो। बब्बन ने तौफिक को रोकने की कोशिश भी की, लेकिन उसने कहा कि अभी आते हैं और घर से निकल गया। उसके साथ अखलाख, जाहिद और श्याम भी गए थे। कुछ देर बाद जब बाकी लड़के लौटे तो उन्होंने बताया कि चदरा पुल के पास तौफिक के साथ मारपीट हो रही है।

खून से लथपथ मिला तौफिक, मोबाइल में रिकॉर्ड हुआ बयान
बब्बन जब मौके पर पहुंचा तो तौफिक खून से लथपथ पड़ा हुआ था। उसने बताया कि मरने से पहले तौफिक ने साफ-साफ कहा कि साकिब, अरशद, मोनू पठान और आसिफ अली ने उसकी जान ली है। परिजनों का कहना है कि तौफिक का यह बयान मोबाइल में रिकॉर्ड भी किया गया है, जो अब पुलिस जांच में अहम सबूत बन सकता है। उन्होंने बताया कि तौफिक किराये पर वाहन चलाकर अपना गुजारा करता था और जिन लोगों पर हत्या का आरोप है, उनसे पहले कोई बड़ी दुश्मनी की जानकारी नहीं थी।

नाले में मिला मृतक का मोबाइल
घटना की सूचना मिलते ही पचम्बा थानेदार राजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल भेजा। घटनास्थल की जांच के दौरान मृतक का मोबाइल भी पास के नाले से बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने आसपास के इलाके की घेराबंदी कर जांच तेज कर दी।

पुलिस बोली- पुरानी रंजिश में हुई हत्या
पचम्बा थानेदार राजीव कुमार ने बताया कि मृतक तौफिक अंसारी पहले से एक आपराधिक मामले में वांटेड था। कबरीबाद में हुई एक हत्या के मामले में उसका नाम सामने आया था और वह हाल ही में जेल से बाहर आया था। थानेदार ने बताया कि हत्या का आरोप जिन लोगों पर लगा है, वे भी दागी प्रवृत्ति के हैं। शुरुआती जांच में मामला आपसी रंजिश का लग रहा है। फिलहाल सभी आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Satish Sinha

मैं सतीश सिन्हा, बीते 38 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने कई अखबारों और समाचार चैनलों में रिपोर्टर के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को इमानदारी से उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले तकरीबन 6 वर्षों से मैं 'झारखंड वार्ता' से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ।

Join WhatsApp

Join Now

और पढ़ें