---Advertisement---

सोनारी: पूजा पंडाल के पास असामाजिक तत्वों का उत्पात,पत्थरबाजी,कई गाड़ियों के शीशे टूटे, पुलिस सीसीटीवी खगालने में जुटी

On: October 2, 2025 11:05 AM
---Advertisement---

जमशेदपुर :सोनारी खूंटाडीह स्थित कलिंगा दुर्गा पूजा पंडाल के पास बीती रात का नशे में धूत असमाजिक तत्वों के द्वारा उत्पात मचाने और पत्थर बाजी की खबर है। इस घटना में वहां मौजूद कई कारणों के शीशे टूट गए हैं। अचानक असामाजिक तत्वों के उपद्रव से लोगों में दहशत का माहौल कायम हो गया। घटना की सूचना मिलते हैं पुलिस मौके पर पहुंची और अपराधियों के धर पकड़ में जुट गई है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उपद्रवियों ने अचानक पंडाल के आसपास पत्थरबाजी शुरू कर दी और कई वाहनों को निशाना बनाया। इस दौरान कम से कम चार से पांच कारों के शीशे पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
स्थानीय लोगों के मुताबिक इस घटना के पीछे खूंटाडीह के ही रहने वाले बदमाश सूरज गोराई और सुमित उर्फ कल्लू समेत उनके साथी शामिल थे। ये युवक इलाके में पहले से ही बदनाम हैं और अक्सर नशे की हालत में असामाजिक गतिविधियों को अंजाम देते देखे जाते रहे हैं। आरोप है कि इन पर पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हो चुके हैं और ये जेल की हवा खा चुके हैं, बावजूद इसके क्षेत्र में इनकी दबंगई कम नहीं हुई है। नवमी की रात इन्होंने फिर से अपनी हरकतों से लोगों को दहशत में डाल दिया।

घटना की सूचना मिलते ही सोनारी थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पंडाल परिसर और आसपास के इलाकों का मुआयना किया तथा स्थानीय लोगों से पूछताछ की। हालांकि उपद्रवी घटना के बाद मौके से फरार हो गए थे, लेकिन पुलिस ने पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की प्रक्रिया तेज कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि इलाके की शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना से क्षेत्र के लोगों में आक्रोश देखा गया। पूजा पंडाल के आयोजकों और स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि दुर्गा पूजा जैसे धार्मिक उत्सव में उपद्रव फैलाने वालों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हो।

पुलिस सूत्रों का कहना है कि इलाके में सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और उपद्रवियों की गतिविधियों की पुष्टि की जा रही है। यदि जरूरत पड़ी तो विशेष टीम गठित कर छापेमारी की जाएगी।

दुर्गा पूजा जैसे बड़े त्योहार में जहां पूरा शहर भक्ति और उल्लास में डूबा है, ऐसे समय में इस तरह की घटनाएं न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं बल्कि सामाजिक सौहार्द्र को भी आघात पहुंचाती हैं। सोनारी की इस घटना ने एक बार फिर साबित किया है कि नशे की गिरफ्त में आए कुछ युवक पूरे इलाके की शांति व्यवस्था को बिगाड़ने का काम कर रहे हैं। अब देखना यह है कि पुलिस कितनी तेजी से आरोपियों को गिरफ्तार कर न्याय दिलाती है।

Satish Sinha

मैं सतीश सिन्हा, बीते 38 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने कई अखबारों और समाचार चैनलों में रिपोर्टर के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को इमानदारी से उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले तकरीबन 6 वर्षों से मैं 'झारखंड वार्ता' से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ।

Join WhatsApp

Join Now

और पढ़ें