Gold-Silver Rates: देशभर के सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। 8 फरवरी 2026 को भी कीमती धातुओं के भाव दबाव में बने रहे, जिससे बाजार में हलचल और निवेशकों के बीच खरीदारी को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
बीते कुछ दिनों में आई भारी गिरावट ने सभी को चौंका दिया है। चांदी जहां अपने हालिया उच्च स्तर से 1.70 लाख रुपये प्रति किलोग्राम से ज्यादा टूट चुकी है, वहीं सोना भी करीब 38 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम तक फिसल चुका है।
चांदी में ऐतिहासिक गिरावट
शनिवार सुबह यानी 8 फरवरी 2026 को चांदी ₹2,85,000 प्रति किलोग्राम के स्तर पर कारोबार करती नजर आई। गौरतलब है कि 29 और 30 जनवरी को चांदी 4 लाख रुपये प्रति किलो के पार पहुंच गई थी, लेकिन इसके बाद अचानक तेज मुनाफावसूली देखने को मिली।
तेज गिरावट का असर छोटे निवेशकों पर भी पड़ा है। फिलहाल बाजार में 100 ग्राम चांदी करीब ₹28,500 में उपलब्ध है, जो हालिया ऊंचाई के मुकाबले काफी सस्ती मानी जा रही है।
सोने के दाम स्थिर, लेकिन दबाव बरकरार
वहीं सोने की बात करें तो 8 फरवरी को 24 कैरेट, 22 कैरेट और 18 कैरेट सोने की कीमतों में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ। हालांकि, गिरावट के बाद सोने के भाव फिलहाल ₹1.56 लाख प्रति 10 ग्राम के आसपास टिके हुए हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार के संकेत, डॉलर की मजबूती और निवेशकों की सतर्कता के कारण सोने में अभी पूरी तरह तेजी लौटती नहीं दिख रही है।
MCX पर उतार-चढ़ाव जारी रहने के संकेत
MCX (मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज) पर सोने के फ्यूचर्स को लेकर अगले हफ्ते भी अस्थिरता के संकेत मिल रहे हैं। बाजार विश्लेषकों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में सोने के दाम ₹1.39 लाख से ₹1.62 लाख प्रति 10 ग्राम के दायरे में घूम सकते हैं। इसका मतलब साफ है कि निकट भविष्य में सोने-चांदी के बाजार में तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।














