एजेंसी:आईटीआई पास युवाओं के लिए सरकारी नौकरी पाने का बेहतरीन अवसर सामने आया है। उडुपी कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड (UCSL) ने वर्कमैन कैटेगरी के विभिन्न पदों पर स्थायी नियुक्ति के लिए आवेदन मांगे हैं। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 35 रिक्त पदों को भरा जाएगा। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 17 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
इन पदों पर होगी नियुक्ति
यूसीएसएल द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार पाइप फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रीशियन और मशीनरी फिटर पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें पाइप फिटर, वेल्डर और इलेक्ट्रीशियन के 10-10 पद जबकि मशीनरी फिटर के 5 पद शामिल हैं। आरक्षण नियमों के अनुसार विभिन्न श्रेणियों के अभ्यर्थियों को लाभ मिलेगा।
शैक्षणिक योग्यता और अनुभव
पाइप फिटर पद के लिए संबंधित ट्रेड में आईटीआई के साथ कम से कम दो वर्ष का अनुभव जरूरी है। वेल्डर पद के लिए वेल्डर ट्रेड में आईटीआई तथा वेल्डिंग और गैस कटिंग कार्य का अनुभव अनिवार्य रखा गया है। इलेक्ट्रीशियन पद हेतु इलेक्ट्रिशियन, वायरमैन या इलेक्ट्रॉनिक मैकेनिक ट्रेड में आईटीआई और संबंधित क्षेत्र का अनुभव होना चाहिए। वहीं मशीनरी फिटर पद के लिए फिटर, डीजल मैकेनिक, मशीनिस्ट या इंस्ट्रूमेंट मैकेनिक ट्रेड में आईटीआई तथा मशीनों के रखरखाव का अनुभव आवश्यक है।
आयु सीमा में छूट का प्रावधान
सामान्य और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु 30 वर्ष तय की गई है। ओबीसी वर्ग को 3 वर्ष और एससी-एसटी वर्ग को 5 वर्ष की छूट मिलेगी। पूर्व सैनिकों के लिए अधिकतम आयु सीमा 40 वर्ष निर्धारित की गई है।
आकर्षक वेतनमान
चयनित अभ्यर्थियों को करीब 30 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा। वेतन पैकेज में मूल वेतन के साथ महंगाई भत्ता, मकान किराया भत्ता, ईंधन भत्ता और अन्य सुविधाएं भी शामिल रहेंगी।
ऐसे होगा चयन
उम्मीदवारों का चयन दो चरणों में किया जाएगा। पहले चरण में 30 अंकों की लिखित परीक्षा होगी, जिसमें सामान्य ज्ञान, गणितीय क्षमता और ट्रेड से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे। इसके बाद 70 अंकों की प्रैक्टिकल परीक्षा आयोजित की जाएगी। दोनों चरणों के अंकों के आधार पर अंतिम मेरिट सूची तैयार होगी।
आवेदन की अंतिम तिथि
भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 18 जून 2026 से शुरू हो चुकी है। अभ्यर्थी 17 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि अंतिम समय की परेशानी से बचने के लिए जल्द से जल्द आवेदन कर लें।
ITI युवाओं के लिए सुनहरा मौका, सरकारी शिपयार्ड में निकली स्थायी भर्ती












