
आकाश लोहार
गढ़वा
शिक्षा सिर्फ किताबों के पन्नों तक सीमित नहीं होती,बल्कि यह संस्कार,अनुशासन और बेहतर भविष्य की नींव भी तैयार करती है,जब मेहनत का परिणाम सामने आता है तो विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी और अभिभावकों के मन में गर्व साफ दिखाई देता है,कुछ ऐसा ही खुशनुमा माहौल देखने को मिला आर.के. पब्लिक स्कूल,उंचरी,मंझिआंव में,जहां अभिभावक शिक्षक बैठक के साथ प्रथम अर्धवार्षिक परीक्षा के परिणाम की घोषणा की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य श्री के. आर. झा एवं उपस्थित अभिभावकों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया,इसके बाद विद्या की देवी मां सरस्वती,राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।
अपने स्वागत संबोधन में प्राचार्य श्री के. आर. झा ने सभी अभिभावकों का स्वागत करते हुए महात्मा गांधी के सत्य एवं अहिंसा के सिद्धांतों और लाल बहादुर शास्त्री के राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद किया,उन्होंने कहा कि सत्य और अहिंसा केवल विचार नहीं,बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाले सिद्धांत हैं,उन्होंने विद्यार्थियों,शिक्षकों एवं अभिभावकों से इन मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया,प्राचार्य ने शास्त्री जी के प्रसिद्ध नारे जय जवान,जय किसान का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा और समृद्धि में जवानों तथा किसानों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम के दौरान प्रथम अर्धवार्षिक परीक्षा के परिणाम की घोषणा की गई,शिशु कक्षा से लेकर कक्षा 10 तक प्रत्येक कक्षा में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रशंसा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया,इस दौरान विद्यार्थियों के चेहरों पर सफलता की खुशी और अभिभावकों के चेहरे पर गर्व का भाव देखने को मिला।
वहीं,चालू शैक्षणिक सत्र में शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज करने वाले विद्यालय के 13 विद्यार्थियों को भी प्रशंसा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया,इनमें ऐनम फातिमा,अशद रजा,कृष्ण कुमार सिंह,शिवानी तिवारी,अनुराग कुमार,जानवी कुमारी,फर्राज अहमद,सोहम गुप्ता,रितिका कुमारी,सुमैया सरवर,अनमोल आर्यन राज,रोहित कुमार एवं नैतिक पांडेय शामिल हैं।
प्राचार्य ने विद्यालय की आगामी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि नए शैक्षणिक सत्र के लिए पूर्व शिशु कक्षा,शिशु कक्षा,निम्न बालवर्ग एवं उच्च बालवर्ग में नामांकन के लिए पंजीकरण शीघ्र शुरू किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि विद्यालय को वरिष्ठ माध्यमिक स्तर तक संबद्धता प्राप्त होने के बाद कक्षा 11 में विज्ञान,कला एवं वाणिज्य तीनों संकायों में नामांकन के लिए भी पंजीकरण प्रारंभ किया जाएगा।
प्राचार्य ने सभी सफल विद्यार्थियों एवं सम्मानित होने वाले छात्र छात्राओं को बधाई देते हुए अभिभावकों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया,उन्होंने विद्यार्थियों से आगे भी और अधिक मेहनत करने,बेहतर प्रदर्शन करने तथा विद्यालय की विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों में पूरे उत्साह के साथ भाग लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर आर. के. समूह संस्थानों के अध्यक्ष,प्रख्यात शिक्षाविद एवं सामाजिक कार्यकर्ता श्री अलख नाथ पांडेय ने अपने संदेश में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम में श्री रूपेश कुमार पांडेय,श्री संतोष गुप्ता,श्री सर्वजीत कुमार,श्री धीरज कुमार पांडेय,श्रीमती प्रीति द्विवेदी सहित विद्यालय के सभी शिक्षक शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
कुल मिलाकर,आर.के. पब्लिक स्कूल का यह आयोजन सिर्फ परीक्षा परिणाम की घोषणा तक सीमित नहीं रहा,बल्कि विद्यार्थियों की मेहनत,अनुशासन और नियमितता को सम्मान देने के साथ साथ शिक्षा के साथ संस्कारों को जोड़ने का संदेश भी दे गया।




