झारखंडहजारीबाग

राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने ‘जनजातीय अध्ययन केंद्र’ के नवनिर्मित भवन का किया उद्घाटन

झारखंड वार्ता न्यूज़

हजारीबाग:- माननीय राज्यपाल श्री सी.पी. राधाकृष्णन ने आज विनोबा भावे विश्वविद्यालय में ‘जनजातीय अध्ययन केंद्र’ (Centre for Tribal Studies) के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड की संस्कृति एतिहासिक एवं गौरवशाली है। इस गौरवशाली संस्कृति को बढ़ावा देने में यह सेंटर अहम भूमिका निभाएगा।
राज्यपाल महोदय ने कहा कि झारखंड में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा, सिद्धो-कान्हु, चाँद-भैरव, फूलो-झान्हो, जतरा उराँव समेत अनेक महापुरुषों ने देश एवं समाज के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। भगवान बिरसा मुंडा की जन्मतिथि 15 नवंबर, 2023 को माननीय प्रधानमंत्री जी ने उनकी जन्मस्थली उलिहातु जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की उन्होंने जनजातीय समुदाय के उत्थान के लिए कई योजनाओं की शुरूआत भी की। उनके द्वारा भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया।
राज्यपाल महोदय ने कहा कि सामाजिक-आर्थिक प्रगति में ज्ञान की अहम भूमिका होती है। ऐसे में जरूरी है कि अधिक से अधिक युवा उच्च शिक्षा ग्रहण करें। उन्हें खुशी हो रही है कि जनजातीय समुदाय के युवा भी तेजी से जागरुक हो रहे हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि अपना लक्ष्य निर्धारित करें और लक्ष्य की ओर मेहनत एवं लगन से आगे बढ़े, सफलता निश्चित रूप से मिलेगी। उन्होंने कहा कि इसका अप्रतिम उदाहरण भारत की माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी हैं। उन्होंने विषम परिस्थितियों में पढ़ाई की और कॉलेज जाने वाली गाँव की प्रथम महिला बनी।
राज्यपाल महोदय ने कहा कि जनजातियों की कला, संस्कृति, लोक-साहित्य, परम्परा एवं रीति-रिवाज समृद्ध रही है। जनजाति समाज में दहेज प्रथा नहीं है, जो काफी सुखद है। ये प्रकृति की पूजा करते हैं, जिसकी झलक इनके पर्व त्यौहार में दिखती है। सरहुल एवं कर्म पर्व प्रकृति एवं मानव के अटूट रिश्ते को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि ‘Centre for Tribal Studies’ हमारे जनजातीय भाई-बहनों की विभिन्न कृतियों का उल्लेख करेगा, उनकी कलाकृतियों को संरक्षित करेगा, शोध का नया आयाम खोलेगा एवं मार्ग दर्शक के रूप में कार्य करेगा।

राज्यपाल महोदय ने ‘जनजातीय अध्यन केंद्र’ के उद्घाटन के पूर्व शेख बिहारी मेडिकल कॉलेज, हजारीबाग का भी भ्रमण किया।

ख़बर को शेयर करें।
Avatar photo

Satyam Jaiswal

सत्यम जायसवाल एक भारतीय पत्रकार हैं, जो झारखंड राज्य के रांची शहर में स्थित "झारखंड वार्ता" नामक मीडिया कंपनी के मालिक हैं। उनके पास प्रबंधन, सार्वजनिक बोलचाल, और कंटेंट क्रिएशन में लगभक एक दशक का अनुभव है। उन्होंने एपीजे इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से शिक्षा प्राप्त की है और विभिन्न कंपनियों के लिए वीडियो प्रोड्यूसर, एडिटर, और डायरेक्टर के रूप में कार्य किया है। जिसके बाद उन्होंने झारखंड वार्ता की शुरुआत की थी। "झारखंड वार्ता" झारखंड राज्य से संबंधित समाचार और जानकारी प्रदान करती है, जो राज्य के नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण है।