oplus_4456448
जमशेदपुर: श्री सूरत गुजराती समाज, बिष्टुपुर के तत्वावधान में एक भव्य एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक गरबा नृत्य के साथ हुआ। गरबा के दौरान समाज की महिलाएं, बच्चे और युवा—सभी एक साथ थिरकते नजर आए और इस पारंपरिक नृत्य में हिस्सा लेकर कार्यक्रम का भरपूर आनंद उठाया।
इसके बाद बच्चों की फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आयोजित की गई, जो बेहद रोचक और आकर्षक रही। इस प्रतियोगिता में कुल 12 नन्हे-मुन्ने बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मंच पर कोई बच्चा क्रिकेटर के रूप में नजर आया, तो कोई झांसी की रानी के ओजस्वी रूप में उतरा, तो कोई मंत्रों का उच्चारण करते हुए अपनी धार्मिक संस्कृति की झलक पेश कर रहा था। सभी बच्चों का प्रदर्शन इतना उम्दा और सराहनीय था कि निर्णायकों के लिए निर्णय लेना काफी मुश्किल हो रहा था।
इस प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में श्रीमती जसबीर कौर, श्रीमती जैस्मिन ठक्कर और श्रीमती भारती पटेल शामिल थीं। निर्णायकों ने बच्चों के बेहतरीन अभिनय और प्रस्तुति की जमकर सराहना की।
कार्यक्रम में मंच का सफल संचालन राकेश पटेल ने किया।
कार्यक्रम के अंत में महाप्रसाद (भोग) का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित सभी श्रद्धालुओं और सदस्यों ने हिस्सा लिया एवं भोग ग्रहण कर आनंद उठाया।
आयोजन को सफल बनाने में समाज के पदाधिकारियों और वरिष्ठ सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम में समाज के ट्रस्टी जयंती भाई, बाबू भाई, कांति भाई एवं सचिव राजेश भाई विशेष रूप से उपस्थित थे। इसके साथ ही सदस्य दिनेश भाई और धीरज भाई सहित समाज के अन्य गणमान्य लोगों की सक्रिय भूमिका से यह पूरा आयोजन अत्यंत धूमधाम और सफलता के साथ संपन्न हुआ।




