
मनोरंजन डेस्क: साल 2026 में बॉक्स ऑफिस पर कई बड़ी फिल्मों ने अपनी रिलीज के शुरुआती दिनों में ही करोड़ों रुपये की कमाई कर रिकॉर्ड बनाए हैं। हालांकि, इसी बीच नीम करोली बाबा के जीवन और उनकी आध्यात्मिक यात्रा पर आधारित ‘हनुमान अंश’ ने अपनी धीमी लेकिन लगातार मजबूत कमाई से अलग पहचान बनाई है। ताजा बॉक्स ऑफिस आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने अब तक 125.69 करोड़ रुपये का लाइफटाइम कलेक्शन कर लिया है। इसके साथ ही यह 2026 में 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने वाली फिल्मों की सूची में छठे स्थान पर पहुंच गई है।
फिल्म का निर्माण करीब ₹2 करोड़ के बजट में हुआ बताया जाता है। इसके बावजूद फिल्म ने भारत में 100 करोड़ रुपये से ज्यादा नेट कमाकर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। खास बात यह है कि ‘हनुमान अंश’ ने यह मुकाम किसी शुरुआती कमाई के तूफान के दम पर नहीं, बल्कि लंबे समय तक सिनेमाघरों में टिके रहकर हासिल किया है।
बड़ी फिल्मों से बिल्कुल अलग रहा सफर
‘हनुमान अंश’ की बॉक्स ऑफिस यात्रा की तुलना अगर इस साल की सबसे बड़ी सफल फिल्मों से करें तो इसका सफर बिल्कुल अलग नजर आता है। ‘धुरंधर: द रिवेंज’ ने रिलीज के पहले ही दिन 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर सबसे तेज 100 करोड़ कमाने वाली फिल्म का रिकॉर्ड बनाया। फिल्म का लाइफटाइम कलेक्शन अब 1,108.09 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है।
वहीं ‘आवारापन 2’ को 100 करोड़ क्लब में शामिल होने में सिर्फ छह दिन लगे। फिल्म ने अब तक 145.92 करोड़ रुपये की कमाई की है। ‘टॉक्सिक’ ने चार दिनों में 100 करोड़ का आंकड़ा पार किया और इसका लाइफटाइम कलेक्शन 132.24 करोड़ रुपये रहा।
इसी तरह ‘धमाल 4’ और ‘वेलकम टू द जंगल’ ने रिलीज के नौवें दिन 100 करोड़ क्लब में एंट्री की। दोनों फिल्मों का लाइफटाइम कलेक्शन क्रमशः 163.80 करोड़ रुपये और 130.80 करोड़ रुपये रहा।
‘हनुमान अंश’ की धीमी रफ्तार बनी सबसे बड़ी ताकत
बॉक्स ऑफिस पर आमतौर पर किसी फिल्म की सबसे ज्यादा कमाई रिलीज के शुरुआती दिनों में होती है। खासकर बड़े सितारों और बड़े बजट वाली फिल्मों से पहले सप्ताह में ही शानदार आंकड़ों की उम्मीद की जाती है। लेकिन ‘हनुमान अंश’ ने इस ट्रेंड से अलग रास्ता अपनाया।
फिल्म ने शुरुआत में भले ही धमाकेदार आंकड़े दर्ज नहीं किए, लेकिन इसकी कमाई में लगातार स्थिरता बनी रही। दर्शकों की प्रतिक्रिया और माउथ पब्लिसिटी का फायदा फिल्म को मिला। यही वजह है कि 30 दिनों में 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने के बावजूद फिल्म अब 125.69 करोड़ रुपये के लाइफटाइम कलेक्शन तक पहुंच चुकी है।
यानी फिल्म की सफलता का सबसे बड़ा पहलू इसकी ओपनिंग नहीं, बल्कि लंबी थिएट्रिकल रन और लगातार बनी दर्शकों की दिलचस्पी है।
125.69 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने के बाद भी ‘हनुमान अंश’ का बॉक्स ऑफिस सफर पूरी तरह खत्म होता नहीं दिख रहा है। फिल्म ने जिस तरह लंबे समय तक अपनी पकड़ बनाए रखी है, उससे आने वाले दिनों में इसके कलेक्शन में और इजाफा होने की उम्मीद है।






