---Advertisement---

हजारीबाग: लापता नाबालिग लड़की का शव मिला, रेप के बाद हत्या की आशंका; पत्थर से कूचा चेहरा

On: March 25, 2026 6:43 PM
---Advertisement---

हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक नाबालिग लड़की का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। परिजनों ने दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, मृतका मंगलवार को गांव में आयोजित रामनवमी के अवसर पर निकाले गए मंगला जुलूस में शामिल होने गई थी। जुलूस समाप्त होने के बाद वह घर वापस नहीं लौटी। शाम करीब आठ बजे तक जब वह नहीं पहुंची तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद देर रात तक परिवार और ग्रामीणों ने आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।

बुधवार की सुबह गांव के कुछ लोग महुआ चुनने के लिए निकले, तभी एक मैदान में बांस के झुरमुट के पास बच्ची का शव देखा गया। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान अपनी बेटी के रूप में की। शव की स्थिति बेहद भयावह बताई जा रही है।

परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि बच्ची के साथ पहले दुष्कर्म किया गया, इसके बाद उसकी निर्मम हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने पहचान छिपाने के उद्देश्य से उसके चेहरे को पत्थर से कुचल दिया और गला दबाकर उसकी जान ले ली। घटना के बाद शव को सुनसान जगह पर फेंक दिया गया।

सूचना मिलने पर विष्णुगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा की प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। साथ ही मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिन्होंने साक्ष्य जुटाने का काम किया।

इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

वहीं पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और इस जघन्य अपराध में शामिल आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर कानून के अनुसार सख्त सजा दिलाई जाएगी।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now