हजारीबाग: जिले के बड़कागांव में झारखंड के पूर्व मंत्री और बड़कागांव के पूर्व विधायक योगेंद्र साव तथा उनकी पत्नी निर्मला देवी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया गया कि उन्हें बाद में केरेडारी थाना ले जाया गया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।
योगेन्द्र साव पिछले वर्ष 31 दिसंबर से एनटीपीसी की चट्टी बरियातू कोल खनन परियोजना के गेट पर धरना-प्रदर्शन कर रहे थे। वे अपनी जमीन के मुआवजे और स्थानीय लोगों के अधिकारों की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे थे। गुरुवार को जैसे ही वे धरना स्थल पर पहुंचे, पहले से मौजूद पुलिस टीम ने उन्हें हिरासत में ले लिया। इसके कुछ ही देर बाद निर्मला देवी को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, योगेन्द्र साव के खिलाफ बड़कागांव, केरेडारी और पगार ओपी समेत कई थानों में पहले से ही अलग-अलग मामलों में प्राथमिकी दर्ज है। इन्हीं लंबित मामलों के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
योगेंद्र साव इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं से मिल चुके थे। हाल ही में उन्होंने नई दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से भी मुलाकात की थी।














