
हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग जिले के बड़कागांव क्षेत्र में गुरुवार देर रात पुलिस और कुख्यात प्रिंस खान गैंग से जुड़े संदिग्ध अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। 13 माइल ट्रांसपोर्टिंग रोड के समीप स्थित जंगल में हुई इस कार्रवाई के दौरान दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग हुई। जवाबी कार्रवाई में एक संदिग्ध बदमाश घायल हो गया, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर फरार हो गए।
पुलिस ने घायल अपराधी को मौके से हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया है। उससे पूछताछ कर गैंग के अन्य सदस्यों, उनके ठिकानों और आपराधिक नेटवर्क से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, एसपी अमन कुमार को सूचना मिली थी कि प्रिंस खान गैंग के सक्रिय सदस्य बड़कागांव इलाके में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही विशेष अभियान शुरू किया गया। बड़कागांव थाना समेत आसपास के थाना क्षेत्रों की पुलिस को अलर्ट कर संयुक्त टीम गठित की गई और संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई।
रात में बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह अपनी टीम के साथ जंगल में सर्च अभियान चला रहे थे। इसी दौरान संदिग्धों से आमना-सामना हो गया। पुलिस के करीब पहुंचने से पहले ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद कुछ देर तक दोनों ओर से गोलीबारी होती रही। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश घायल हो गया, जबकि उसके साथी मौके से भाग निकले।
पुलिस का कहना है कि हाल ही में एनटीपीसी की हाईवा गाड़ी पर हुई फायरिंग के बाद से प्रिंस खान गैंग पुलिस की रडार पर था। लगातार मिल रही खुफिया सूचनाओं के आधार पर गैंग की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। गुरुवार रात की कार्रवाई उसी अभियान का हिस्सा मानी जा रही है।
मुठभेड़ के बाद पूरे जंगल की घेराबंदी कर दी गई और अतिरिक्त पुलिस बल की मदद से रातभर कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया गया। जंगल के रास्तों, ट्रांसपोर्टिंग रोड और आसपास के गांवों में तलाशी अभियान जारी रहा। पुलिस को उम्मीद है कि फरार अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एसपी अमन कुमार ने कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले किसी भी गिरोह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
फिलहाल पुलिस घायल आरोपी से पूछताछ कर गैंग के पूरे नेटवर्क, हथियारों की आपूर्ति और रंगदारी से जुड़े मामलों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। साथ ही फरार बदमाशों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।


