
हजारीबाग: हजारीबाग जिले के इचाक थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग से जुड़ा हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने एक व्यक्ति की हत्या के आरोप में उसकी पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। हालांकि, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
मृतक की पहचान बोंगा गांव निवासी बीरेंद्र प्रजापति उर्फ बबलू (उम्र 37 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना 14 अगस्त की देर रात की है। मृतक की पत्नी ने पति की मृत्यु को स्वाभाविक दिखाने का नाटक किया। मृतक के माता-पिता को घटना पर शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने 15 अगस्त को इचाक थाना पहुंचकर पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना के बाद इचाक थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक जांच के लिए भेज दिया। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने रंजन कुमार मेहता को करियातपुर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने संजू देवी और रंजन से पूछताछ की, जिसमें दोनों के अपराध स्वीकार करने की बात सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पत्नी संजू देवी (29) ने पूछताछ में बताया कि उसका बोंगा निवासी रंजन कुमार मेहता (24) के साथ करीब दो वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। आरोप है कि पति बीरेंद्र उनके संबंधों में बाधा बन रहा था।
पुलिस के अनुसार, संजू देवी ने कथित तौर पर रंजन कुमार को 14 अगस्त की रात अपने घर बुलाया। इसके बाद दोनों ने मिलकर बीरेंद्र की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस अब आरोपियों के बयान के आधार पर घटना की परिस्थितियों और हत्या के पीछे के अन्य कारणों की जांच कर रही है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में कथित तौर पर इस्तेमाल किया गया काले रंग का गमछा, एक तकिया और पॉलिथिन बरामद किया है। इसके अलावा दोनों के पास से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। बरामद सामान को पुलिस ने जांच के लिए सुरक्षित रखा है।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद संजू देवी और रंजन कुमार मेहता को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।







