---Advertisement---

रवींद्र जयंती पर बंगाल में सत्ता परिवर्तन का ऐतिहासिक क्षण, शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की ली शपथ

On: May 9, 2026 12:53 PM
---Advertisement---

झारखंड वार्ता संवाददाता

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति में शनिवार को एक नया अध्याय जुड़ गया। रवींद्र जयंती के अवसर पर कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में पहली बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ। भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के नौवें मुख्यमंत्री के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। राज्यपाल आर.एन. रवि ने उन्हें शपथ दिलाई।

समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत एनडीए शासित कई राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। देशभर से आए नेताओं के अलावा बंगाल के विभिन्न जिलों से हजारों की संख्या में भाजपा समर्थक भी समारोह में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ भाजपा नेता दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक किर्तनिया, खुदीराम टुडू और निशीथ प्रमाणिक ने मंत्री पद की शपथ ली। रवींद्र संगीत की मधुर धुनों के बीच हुए इस शपथ ग्रहण समारोह ने राजनीतिक माहौल को उत्सव में बदल दिया।

आजादी के बाद यह पहला अवसर रहा, जब पश्चिम बंगाल में किसी सरकार का शपथ ग्रहण लोक भवन के बंद सभागार की बजाय खुले मैदान में आयोजित किया गया। भाजपा ने इसे “लोकतंत्र का उत्सव” बताते हुए ऐतिहासिक क्षण करार दिया

शपथ ग्रहण से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य के साथ खुली जीप में ब्रिगेड परेड ग्राउंड का भ्रमण किया और लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान मैदान में मौजूद समर्थकों ने “मोदी-मोदी” और “भारत माता की जय” के नारों से माहौल गुंजायमान कर दिया। प्रधानमंत्री ने हाथ जोड़कर और हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया

भाजपा ने राजनीतिक हिंसा में जान गंवाने वाले अपने 200 से अधिक कार्यकर्ताओं के परिजनों को भी समारोह में विशेष रूप से आमंत्रित किया था। उनके बैठने के लिए मंच के समीप अलग व्यवस्था की गई थी। मैदान में आने वाले लोगों के लिए बंगाल के पारंपरिक व्यंजन झालमुड़ी और रसगुल्ले के स्टॉल भी लगाए गए थे।

सुरक्षा के लिहाज से ब्रिगेड परेड ग्राउंड को अभेद्य किले में तब्दील कर दिया गया था। कोलकाता पुलिस के लगभग 4000 जवान तैनात थे। पूरे परिसर में 1500 सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जा रही थी। वीवीआईपी मेहमानों के लिए अस्थायी हेलीपैड बनाया गया था, जबकि लाखों लोगों तक कार्यक्रम की लाइव झलक पहुंचाने के लिए 100 से अधिक एलईडी स्क्रीन लगाई गई थीं।

ब्रिगेड परेड ग्राउंड का इतिहास भी काफी गौरवशाली रहा है। लगभग 900 एकड़ में फैला यह मैदान देश के सबसे बड़े शहरी मैदानों में गिना जाता है। इसे “कोलकाता का फेफड़ा” भी कहा जाता है। राजनीतिक दृष्टि से भी यह मैदान लंबे समय से बंगाल की राजनीति का केंद्र रहा है, जहां वाम दलों से लेकर कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस और अब भाजपा तक अपनी ताकत का प्रदर्शन करती रही हैं।

भाजपा की इस ऐतिहासिक जीत और शपथ ग्रहण को राज्य की राजनीति में बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी नेताओं ने इसे “नए बंगाल की शुरुआत” बताया है।

Shubham Jaiswal

“मैं शुभम जायसवाल, बीते आठ वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने विभिन्न प्रतिष्ठित अखबारों और समाचार चैनलों में प्रतिनिधि के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले पाँच वर्षों से मैं साप्ताहिक अखबार ‘झारखंड वार्ता’ से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ। पत्रकारिता मेरे लिए केवल पेशा नहीं बल्कि समाज और जनता के प्रति एक जिम्मेदारी है, जहाँ मेरी कलम हमेशा सच और न्याय के पक्ष में चलती है।

Join WhatsApp

Join Now