गढ़वा: भारत मौसम विज्ञान विभाग, रांची द्वारा जारी विशेष मौसम बुलेटिन के अनुसार झारखंड में आगामी कुछ दिनों में कड़ाके की ठंड और शीतलहर बनी रहने की संभावना है। इस स्थिति को देखते हुए जिले में विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य के लिए जिला प्रशासन ने आवश्यक निर्णय लिया है।
उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी दिनेश यादव ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 के अंतर्गत आदेश जारी किया है कि
गढ़वा जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी और अल्पसंख्यक विद्यालयों में KG से 12वीं तक की कक्षाओं का पठन-पाठन दिनांक 10 जनवरी 2026 को स्थगित रहेगा।
निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 5 तक की कक्षाएं 10 से 14 जनवरी 2026 तक स्थगित रहेंगी, जबकि कक्षा 6 से 12 तक की कक्षाएं प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक संचालित की जाएंगी।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि सभी सरकारी और गैर-सरकारी अल्पसंख्यक विद्यालयों में शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी निर्धारित समय पर विद्यालय में उपस्थित रहेंगे और ई-विद्या वाहिनी में अपनी उपस्थिति दर्ज करेंगे। साथ ही विद्यालय के अन्य गैर-शैक्षणिक कार्य नियमित रूप से संपन्न होंगे।
यह आदेश विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए तत्काल प्रभाव से लागू किया जाएगा।














