
Nepal Flash Flood: नेपाल में अचानक आई भीषण बाढ़ ने बड़े पैमाने पर तबाही मचा दी है। तिब्बत से सटे इलाकों से शुरू हुई बाढ़ की तेज धार नेपाल के कई शहरों, गांवों और प्रमुख मार्गों तक पहुंच गई। इस प्राकृतिक आपदा में अब तक 22 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि सैकड़ों लोगों के लापता होने की सूचना है। लापता लोगों में 105 भारतीय नागरिक भी शामिल बताए जा रहे हैं।
बाढ़ की भयावहता को दिखाने वाले कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। इनमें तिब्बत-नेपाल सीमा के पास बाढ़ के रौद्र रूप को साफ तौर पर देखा जा सकता है। एक वीडियो चीन के इमिग्रेशन सेंटर से सामने आया है, जिसमें कुछ ही सेकंड में पानी की बेहद तेज और ऊंची लहरें पूरे इलाके को अपनी चपेट में लेती दिखाई दे रही हैं।
चीन के इमिग्रेशन सेंटर से सामने आए वीडियो में शुरुआत में स्थिति सामान्य नजर आती है। अचानक पहाड़ों की तरफ से पानी का तेज सैलाब आता है और देखते ही देखते इलाके में अफरा-तफरी मच जाती है। पानी की लहर इतनी ऊंची और तेज थी कि उसने चंद सेकेंड में करीब पांच मंजिला इमारत को भी अपनी चपेट में ले लिया।
वीडियो में कई लोग जान बचाने के लिए सड़क पर भागते और मदद के लिए चिल्लाते नजर आ रहे हैं। कुछ ही पलों में पानी का बहाव इतना विकराल हो जाता है कि आसपास मौजूद सामान और ढांचे उसकी तेज धार में बहने लगते हैं। घटना के वक्त इमारत के अंदर कितने लोग मौजूद थे, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
बताया जा रहा है कि बाढ़ की शुरुआत तिब्बत से लगे इलाके से हुई, जिसके बाद इसका असर नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों में भी दिखाई दिया। तेज बहाव के कारण कई पुल, सड़कें और स्थानीय बुनियादी ढांचे क्षतिग्रस्त हुए हैं। कई इलाकों में संपर्क टूट गया है और राहत एवं बचाव अभियान में भी मुश्किलें आ रही हैं।
नेपाल में हालात को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से कई प्रमुख राजमार्गों पर यातायात रोक दिया है। अचानक आई बाढ़ के कारण सड़क मार्ग से आवाजाही प्रभावित हुई है और कई इलाकों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम किया जा रहा है।
सुरक्षा कारणों से काठमांडू-नागढुंगा, नागढुंगा-धादिंग, गल्छी-त्रिशूली, धादिंग-मुग्लिन और मुग्लिन-नारायणघाट रूट पर यातायात बंद कर दिया गया है। इसके अलावा नारायणी ब्रिज पर भी अगले आदेश तक आवाजाही रोक दी गई है।
प्रशासन की ओर से लोगों से प्रभावित क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा नहीं करने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है। बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य जारी है।
इस आपदा के बीच बड़ी संख्या में भारतीय नागरिकों के प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि 105 भारतीय पर्यटक भी लापता लोगों में शामिल हैं। ऐसे में उनके परिजनों की चिंता बढ़ गई है। संबंधित एजेंसियां प्रभावित क्षेत्रों में फंसे लोगों का पता लगाने और उन्हें सुरक्षित निकालने की कोशिश कर रही हैं।






