चतरा: जिले के पिपरवार थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में चार दोस्तों की जान चली गई। यह हादसा चिरैयाटांड़ के पास उस समय हुआ जब तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने एक मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर सवार तीन किशोरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चौथे ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, एक ही मोटरसाइकिल पर सवार चारों किशोर मैट्रिक की परीक्षा देने के बाद घूमने के लिए निकले थे। इसी दौरान चिरैयाटांड़ के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
मृतकों की पहचान बाराडीह गांव के रहने वाले मंजीत कुमार (14), सोनू कुमार (14), विकास कुमार (15) और प्रताप कुमार (15) हफुआ गांव निवासी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि चारों ज्ञानदीप विद्या निकेतन के छात्र थे और आपस में गहरे दोस्त थे।
परिजनों के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे चारों किशोर घर से यह कहकर निकले थे कि वे घूमने जा रहे हैं। लेकिन कुछ ही घंटों बाद उनके सड़क हादसे में मौत की खबर घर पहुंची, जिससे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और मातम का माहौल है।
हादसे की खबर फैलते ही इलाके में लोगों का गुस्सा भड़क उठा। आक्रोशित ग्रामीणों ने चिरैयाटांड़-कल्याणपुर-चतरा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। सड़क जाम होने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
सूचना मिलते ही पिपरवार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो और मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया है। वहीं, तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए इलाके में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और हालात पर नजर रखी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि फरार स्कॉर्पियो चालक की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है। वहीं, इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।














